बंगाल चुनावः ममता बनर्जी ने पहले चरण में बंपर मतदान पर जताई खुशी, बताया टीएमसी की जीत का संकेत

ममता ने कहा कि मुझे किसी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। मुझे कुर्सी नहीं चाहिए। मैं सिर्फ दिल्ली में बीजेपी सरकार का अंत चाहती हूं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वह सभी विपक्षी दलों को साथ लेकर दिल्ली (केंद्र की सत्ता) पर विजय हासिल करेंगी।

बंगाल चुनावः ममता बनर्जी ने पहले चरण में बंपर मतदान पर जताई खुशी, बताया टीएमसी की जीत का संकेत
i
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में भारी मतदान पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुशी जताते हुए इसे टीएमसी के पक्ष में बताया है। ममता ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अब तक हुए मतदान से संकेत मिलता है कि तृणमूल कांग्रेस अभी से ही जीत की स्थिति में है। साथ ही ममता ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वह सभी विपक्षी दलों को साथ लेकर दिल्ली (केंद्र की सत्ता) पर विजय हासिल करेंगी।

कोलकाता के बो बाजार इलाके में आयोजित एक रैली में ममता बनर्जी ने कहा कि “मैं लोगों के मन को जितना समझ पाई हूं, उसके हिसाब से अभी तक हुए मतदान को देखते हुए यह कह सकती हूं कि हम पहले से ही जीत की स्थिति में हैं।” उन्होंने कहा, “मुझे किसी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। मुझे कुर्सी नहीं चाहिए। मैं सिर्फ दिल्ली में बीजेपी सरकार का अंत चाहती हूं।”

वहीं तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस दावे का खंडन किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में भारी मतदान ‘‘परिवर्तन के लिए शानदार जनादेश’’ का संकेत है। तृणमूल ने दावा किया कि इसके बजाय यह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार के विकास कार्यों के लिए जोरदार समर्थन को प्रदर्शित करता है।

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि मतदान प्रतिशत में हुई वृद्धि सत्तारूढ़ पार्टी के पक्ष में निर्णायक रूप से गई है और यह बीजेपी को स्पष्ट रूप से खारिज किये जाने का संकेत है। घोष ने शाम 5 बजे तक करीब 90 प्रतिशत मतदान होने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘बीजेपी भारी मतदान को ठीक से नहीं समझ पा रही है। यह बदलाव के लिए वोट नहीं है, बल्कि (ममता) बनर्जी के शासन का जोरदार समर्थन है। बंगाल की जनता ने पहले चरण में ही बीजेपी की कमर तोड़ दी है।’’


विधानसभा चुनाव में तृणमूल के शानदार प्रदर्शन करने का दावा करते हुए कुणाल घोष ने कहा कि प्रथम चरण के तहत गुरुवार को जिन 152 सीटों पर मतदान हुआ है, पार्टी उनमें से ‘‘कम से कम 125 सीटें जीतेगी, जो बढ़कर 132-134 तक भी जा सकती हैं।’’ घोष ने तर्क दिया कि मतदान प्रतिशत अधिक रहने से तृणमूल को अधिक सीटें मिलेंगी और उन्होंने सत्ता-विरोधी लहर होने के विपक्ष के विमर्श को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मतदान प्रतिशत जितना बढ़ेगा, तृणमूल को उतनी ही अधिक सीटें मिलेंगी। बीजेपी का मनोबल पूरी तरह से गिर चुका है, और इसलिए वे बदलाव का यह झूठा विमर्श गढ़ रहे हैं।’’

घोष ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधते हुए नंदीग्राम के संदर्भ में दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस इस हाई प्रोफाइल सीट पर निर्णायक जीत हासिल करने वाली है।उन्होंने कहा, ‘‘नंदीग्राम-1 से मिल रही रिपोर्ट से हमारे उम्मीदवार को भारी बढ़त का संकेत मिल रहा है, जबकि नंदीग्राम-2 में बीजेपी ने लगभग हार मान ली है। उसका उम्मीदवार काफी दबाव में है, जो अब साफ दिखाई दे रहा है।’’

तृणमूल नेताओं ने कहा कि विपक्षी दलों की ‘‘उकसाने वाली हरकतों’’ के बावजूद मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा और उन्होंने मतदाताओं को उनकी भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया।मतदान के दौरान निर्वाचन आयोग की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने आरोप लगाया कि यह शुरू से ही ‘‘बंगाल विरोधी और तृणमूल विरोधी’’ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस पर अभी कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।’’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों को ‘‘सुरक्षा के लिए नहीं बल्कि बंगाल की जनता को डराने-धमकाने के लिए’’ तैनात किया गया है।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 5 बजे तक पश्चिम बंगाल में करीब 91.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिलावार आंकड़ों के अनुसार अलीपुरद्वार में लगभग 88.74, बांकुड़ा में 89.91, बीरभूम में 91.55, कूचबिहार में 92.07, दक्षिण दिनाजपुर में 93.12, दार्जिलिंग में 86.49, जलपाईगुड़ी में 91.20, झारग्राम में 90.53, कलिम्पोंग में 81.98 और मालदा में 89.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा, मुर्शिदाबाद में 91.36, पश्चिम बर्धमान में 86.89, पश्चिम मेदिनीपुर में 90.70, पूर्व मेदिनीपुर में 88.55, पुरुलिया में 87.35 और उत्तर दिनाजपुर में 89.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia