बंगाल चुनावः टीएमसी को झटका, निर्वाचन आयोग ने कृष्णानगर उत्तर से पार्टी उम्मीदवार का नामांकन खारिज किया

तृणमूल कांग्रेस को इस बात का अंदेशा था कि भट्टाचार्य के साथ कुछ ऐसा हो सकता है। इसीलिए गुरुवार को नामांकन दाखिल करने के आखिरी घंटों में सोमनाथ दत्ता ने पार्टी के दूसरे उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया था।

बंगाल चुनावः टीएमसी को झटका, निर्वाचन आयोग ने कृष्णानगर उत्तर से पार्टी उम्मीदवार का नामांकन खारिज किया
i
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दंगल के बीच टीएमसी को बड़ा झटका लगा है। निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अभिनव भट्टाचार्य का नामांकन लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए खारिज कर दिया है। हालांकि भट्टाचार्य का नामांकन रद्द होने के बाद जिले के तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोमनाथ दत्ता पार्टी उम्मीदवार बन गए हैं। उन्होंने गुरुवार दोपहर को ही पार्टी के दूसरे उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया था।

चुनाव अधिकारी ने अधिनियम की धारा 9ए के तहत भट्टाचार्य का नामांकन रद्द किया, जिसके अनुसार यदि उम्मीदवार का सरकार के साथ कोई मौजूदा व्यावसायिक हित या अनुबंध के माध्यम से संबंध है तो वह चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हो जाता है। अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करते समय यह बात सामने आई कि भट्टाचार्य राज्य सरकार से संबंधित संविदात्मक कार्य में लगे हुए थे। उन्होंने कहा, “कानून के अनुसार, सरकारी ठेकों या आपूर्ति समझौतों में सीधे तौर पर शामिल व्यक्तियों को हितों के टकराव के कारण चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है।”


अभिनव भट्टाचार्य ने इस राजनीतिक घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि वे अपनी पार्टी के नेतृत्व द्वारा दिए गए निर्देशों के आधार पर ही आगे कदम उठाएंगे। कृष्णानगर से तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने भी घटनाक्रम की पुष्टि की और कहा कि कृष्णानगर (उत्तर) विधानसभा सीट से अब सोमनाथ दत्ता ही पार्टी के नए उम्मीदवार होंगे।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इससे पहले शांतिपुर में एक जनसभा में भट्टाचार्य को पार्टी के उम्मीदवार के रूप में औपचारिक रूप से पेश किया था। लेकिन तृणमूल कांग्रेस को इस बात का अंदेशा था कि भट्टाचार्य के साथ कुछ ऐसा हो सकता है। इसीलिए गुरुवार को नामांकन दाखिल करने के आखिरी घंटों में सोमनाथ दत्ता ने पार्टी के दूसरे उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया था। अब, भट्टाचार्य का नामांकन रद्द होने के बाद, कृष्णानगर (उत्तर) विधानसभा सीट से सोमनाथ दत्ता ही तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार होंगे।


इसी तरह की एक घटना 2024 में बीजेपी के साथ भी हुई थी, जब बीरभूम जिले की बीरभूम लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार का नामांकन रद्द कर दिया गया था। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी और बीरभूम लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार देबाशीष धर का नामांकन रद्द कर दिया गया, क्योंकि पुलिस सेवा से इस्तीफा देने के बाद वे पश्चिम बंगाल सरकार से 'नो ड्यूज' (कोई बकाया नहीं) का सर्टिफिकेट पेश नहीं कर पाए। इसके बाद, जिले के वरिष्ठ बीजेपी नेता देबतनू भट्टाचार्य, जिन्होंने पहले ही पार्टी के दूसरे उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया था, बीजेपी के नए उम्मीदवार बन गए थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia