बंगाल चुनावः TMC ने नंदीग्राम में लोगों पर केंद्रीय बलों के हमले का दावा किया, निर्वाचन आयोग ने किया इनकार

टीएमसी ने आरोप लगाया कि सीआरपीएफ के जवानों ने 21 अप्रैल को बिना किसी उकसावे के स्थानीय लोगों पर हमला करके अपने पद का घोर दुरुपयोग किया, जिसके कारण लोगों को चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पार्टी ने घायल लोगों की तस्वीरें भी जमा की हैं।

बंगाल चुनावः TMC ने नंदीग्राम में लोगों पर केंद्रीय बलों के हमले का दावा किया, निर्वाचन आयोग ने किया इनकार
i
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले बुधवार को टीएमसी ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में केंद्रीय बलों के जवानों ने स्थानीय लोगों पर हमला किया है और अत्यधिक बल का प्रयोग किया है। हालांकि, निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि शिकायत की जांच की गई, लेकिन ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई।

तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए तैनात सीआरपीएफ के जवानों ने 21 अप्रैल को बिना किसी उकसावे के स्थानीय लोगों पर हमला करके अपने पद का घोर दुरुपयोग किया, जिसके परिणामस्वरूप लोगों को चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पार्टी ने शिकायत के साथ घायल व्यक्तियों की कथित तस्वीरें भी जमा कीं।


तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नंदीग्राम में केंद्रीय बलों की कार्रवाई निर्वाचन आयोग के चुनाव के दौरान बल तैनाती संबंधी नियमावली के प्रावधानों का "प्रत्यक्ष और घोर उल्लंघन" है।शिकायत में कहा गया है, "शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए तैनात बल ही आक्रामक हो गए हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास कम हो रहा है।" हालांकि आयोग ने आरोप को खारिज कर दिया है।

गौरतलब है कि नंदीग्राम में 23 अप्रैल को मतदान होगा, जहां से विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस ने इस सीट से पबित्रा कर को उम्मीदवार बनाया है।शुभेंदु भवानीपुर में भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, जहां 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia