बंगाल चुनावः हुमायूं कबीर ने बीजेपी के साथ 1,000 करोड़ रुपए की डील की! TMC ने वीडियो जारी कर लगाया आरोप
वीडियो क्लिप में, कबीर को कथित तौर पर अज्ञात शख्स को यह भरोसा दिलाते हुए सुना गया कि यदि बीजेपी इस बार ज्यादातर हिंदू वोट हासिल करने में सफल हो जाती है, तो वह मुस्लिम मतदाताओं को बांटने में अहम भूमिका निभाएंगे।

पश्चिम बंगाल चुनाव से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को एक स्टिंग वीडियो जारी कर 'आम आदमी उन्नयन पार्टी' (एएयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर पर अल्पसंख्यक वोटों को बांटने के लिए बीजेपी के साथ 1,000 करोड़ रुपए की डील करने का आरोप लगाया। यह डील पश्चिम बंगाल की उन सीटों पर अल्पसंख्यक वोटों को बांटने के लिए की गई है, जहां कबीर की पार्टी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। हालांकि इस आरोप पर हुमायूं कबीर ने तुरंत पलटवार करते हुए इसका खंडन किया है।
एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में, बंगाल सरकार के मंत्रियों फिरहाद हकीम, अरूप बिस्वास और तृणमूल के प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने एक ऑडियो क्लिप जारी की, जिसमें कथित तौर पर कबीर को किसी अज्ञात व्यक्ति से इसी तरह की बातें करते हुए सुना गया। टीएमसी नेताओं ने यह ऑडियो क्लिप उस समय जारी करने का फैसला किया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।
ऑडियो क्लिप में, कबीर को कथित तौर पर उस अज्ञात व्यक्ति को यह भरोसा दिलाते हुए सुना गया कि यदि बीजेपी इस बार ज्यादातर हिंदू वोट हासिल करने में सफल हो जाती है, तो वह मुस्लिम मतदाताओं को बांटने में अहम भूमिका निभाएंगे और वह ऐसा राज्य से तृणमूल को सत्ता से बाहर करने के लिए करेंगे। कबीर को उस अज्ञात व्यक्ति को यह भरोसा दिलाते हुए भी सुना गया कि यदि इस बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी सत्ता में आती है, तो वह और उनकी पार्टी नए बीजेपी मुख्यमंत्री को शत-प्रतिशत समर्थन देंगे। क्लिप में, उन्हें विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ नियमित संपर्क में होने का दावा करते हुए भी सुना गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में, फिरहाद हकीम ने कहा कि कबीर को अल्पसंख्यक मतदाताओं को मूर्ख समझने की गलती नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "वह पैसों के लिए अपनी अंतरात्मा बीजेपी को बेच सकते हैं। लेकिन आम अल्पसंख्यक मतदाता ऐसा कभी नहीं करेंगे। अल्पसंख्यक मतदाता आने वाले चुनाव में कबीर जैसे लोगों को अपना जवाब देंगे।" साथ ही टीएमसी नेताओं ने वायरल क्लिप को लेकर कबीर पर कार्रवाई की भी मांग की।
कबीर ने इन आरोपों का खंडन किया और सबूत की मांग की। कबीर ने कहा, "1,000 करोड़ रुपए बहुत बड़ी रकम है। बीजेपी के साथ मेरा 1 करोड़ रुपए का भी कोई सौदा नहीं हुआ है। वे जो चाहें कह सकते हैं। लेकिन सबसे पहले, उन्हें इस बात का सबूत देना चाहिए कि या तो मैं बीजेपी के किसी व्यक्ति से मिला हूं, या कोई बीजेपी नेता मुझसे मिला है।" उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल द्वारा जारी की गई ऑडियो क्लिप फर्जी है।
कबीर ने कहा, "तृणमूल कांग्रेस राजनीतिक रूप से मेरा मुकाबला नहीं कर सकी, और इसलिए अब उन्होंने ऐसी घटिया हरकतों का सहारा लिया है।" उन्होंने यह भी कहा कि मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद बनाने के अपने मिशन में वे शहीद होने के लिए भी तैयार हैं। यह मस्जिद यूपी के अयोध्या में 6 दिसंबर, 1992 को गिराए गए मूल ढांचे जैसी ही होगी। कबीर ने कहा, "मैं अपने मिशन में शहीद होने के लिए तैयार हूं। लेकिन मैं यह कह रहा हूं कि मस्जिद बनाने का काम पूरी तेजी से चल रहा है, और यह अगले दो सालों में पूरा हो जाएगा।"
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia