बंगालः पीएम मोदी की घोषणाओं से पहले ममता का बड़ा दांव, 5 समुदायों के लिए बोर्ड का किया ऐलान
ममता ने कहा कि हमारी सरकार जल्द ही मुंडा (अनुसूचित जनजाति), कोरा (अनुसूचित जनजाति), डोम (अनुसूचित जाति), कुम्भकार (अन्य पिछड़ा वर्ग) और सद्गोप (अन्य पिछड़ा वर्ग) समुदायों के लिए पांच नए सांस्कृतिक और विकास बोर्ड बनाएगी।

पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने में पीएम मोदी और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच होड़ दिख रही है। पीएम मोदी जहां शनिवार को करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की घोषणा करने बंगाल जाने वाले हैं, वहीं उससे पहले ममता बनर्जी ने शुक्रवार को बड़ा दांव खेलते हुए राज्य के पांच समुदायों को लेकर बड़ी घोषणा कर दी।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को ऐलान किया कि उनकी सरकार जल्द ही पांच समुदायों के लिए नए सांस्कृतिक और विकास बोर्ड बनाएगी। ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'मैं खुशी से ऐलान करती हूं कि हमारी सरकार जल्द ही मुंडा (अनुसूचित जनजाति), कोरा (अनुसूचित जनजाति), डोम (अनुसूचित जाति), कुम्भकार (अन्य पिछड़ा वर्ग) और सद्गोप (अन्य पिछड़ा वर्ग) समुदायों के लिए पांच नए सांस्कृतिक और विकास बोर्ड बनाएगी।'
ममता बनर्जी ने कहा कि ये समुदाय बंगाल की जीवंत संस्कृति और सामाजिक ताने-बाने का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि नए बोर्ड इन समुदायों की अनूठी भाषाओं और परंपराओं की सुरक्षा करेंगे और उनके सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन बोर्डों का उद्देश्य इन समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के अवसरों में सुधार करना भी है। यह पहल उनके पारंपरिक अधिकारों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने के लिए बनाई गई है। यह कदम उन लोगों की भलाई के लिए है जो लंबे समय से सामाजिक व आर्थिक दृष्टि से पिछड़े हुए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 से राज्य सरकार ने समाज के कमजोर वर्गों के लिए कई बोर्ड स्थापित किए हैं। इन बोर्डों ने समाज के विभिन्न समुदायों को समावेशी विकास के अवसर प्रदान किए हैं। इस नई पहल का उद्देश्य पहले से चल रहे प्रयासों को और मजबूत करना और प्रत्येक समुदाय की आवश्यकताओं का ध्यान रखना है। उन्होंने कहा, 'मां, माटी, मानुष' के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का अर्थ है कि हम यह सुनिश्चित करें कि कोई भी समुदाय पीछे न छूटे। हमारा लक्ष्य सरल है समावेशी प्रगति और अटूट समर्थन के माध्यम से हर चेहरे पर मुस्कान लाना।
खास बात है कि ममता बनर्जी की यह घोषणा तब आई है जब प्रधानमंत्री मोदी का शनिवार को पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की घोषणा करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। पीएम मोदी दोपहर क़रीब 2 बजे कोलकाता में कुल 18680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं सड़क, बंदरगाह, रेलवे और अन्य क्षेत्रों में हैं, जो पूर्वी भारत की कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगी।
ममता बनर्जी और पीएम की आगामी घोषणाओं को बंगाल चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। चुनाव आयोग जल्द ही मतदान की तारीखों का ऐलान करने वाला है। अभी तक अप्रैल में कई चरणों में चुनाव होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के 2026 विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी और टीएमसी के बीच है। यहां पीएम मोदी बीजेपी की तरफ़ से मुख्य चेहरा हैं, जबकि ममता बनर्जी मौजूदा मुख्यमंत्री हैं।
राज्य में 294 सीटों पर वोटिंग होगी। 148 सीटों से ज्यादा जीतने वाली पार्टी सरकार बनाएगी। 2021 के चुनाव में टीएमसी ने 213 से ज़्यादा सीटें जीतीं और सरकार बनाई। पीएम मोदी की तमाम कोशिशों के बावजूद बीजेपी 77 सीटों पर ही जीत सकी। कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियां कमजोर रहीं। अब 2026 के लिए एक बार फिर बीजेपी मोदी के नेतृत्व में पूरी ताकत से लड़ रही है, जबकि ममता पहले से भी ज्यादा मजबूती और ताकत से टीएमसी की सत्ता को बरकरार रखने में जुटी हुई हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia