बंगालः दूसरे चरण के चुनाव से पहले बैरकपुर में भिड़े TMC-BJP कार्यकर्ता, नामांकन के दौरान हुआ बवाल, चले पत्थर

यह घटना बैरकपुर से टीएमसी उम्मीदवार फिल्म निर्देशक राज चक्रवर्ती के नामांकन के दौरान हुई। दरअसल उसी समय बीजपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार और मुकुल रॉय के बेटे शुभ्रांशु रॉय भी बीजेपी कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ अपना नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंच गए।

फोटोः IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बीच जारी जंग हिंसक होती जा रही है। बुधवार को उत्तर 24-परगना के बैरकपुर में टीएमसी के उम्मीदवार और फिल्म निर्देशक राज चक्रवर्ती के नामांकन दाखिल करने के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता और बीजेपी के समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर लात-घुंसे चले और पत्थरबाजी भी हुई।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बैरकपुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के सेलिब्रिटी उम्मीदवार फिल्म निर्देशक राज चक्रवर्ती के नामांकन दाखिल करने के दौरान हुई। दरअसल उसी समय बीजपुर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार और मुकुल रॉय के बेटे शुभ्रांशु रॉय भी बीजेपी कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ अपना नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंच गए।

पुलिस के अनुसार इस दौरान प्रशासनिक भवन के बाहर बीजेपी समर्थक 'जय श्रीराम' और 'जय बांग्ला' के नारे लगाने लगे। टीएमसी कार्यकर्ताओं की तरफ से भी नारेबाजी हुई। बस फिर क्या था। देखते ही देखते दोनों दलों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। हाथापाई शुरू हो गई। बीजेपी ने आरोप लगाया कि तृणमूल समर्थकों ने रॉय की कार पर पथराव भी किया।

वहीं, पुलिस ने किसी तरह बल प्रयोग कर स्थिति को संभाला। इस मामले में अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। चुनाव आयोग ने भी इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक इम्प्रोवाइज्ड पिस्टल भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि इस घटना में पुलिस और कुछ लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia