बंगालः टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर नादिया में अंडे और पत्थर से हमला, बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप
मोइत्रा ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में सरकार बदलने के बाद कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। अब बीजेपी ने मुझ पर हमला करने की साजिश रची है। ये कोई आम लोग नहीं हैं। ये बीजेपी कार्यकर्ता हैं।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद टीएमसी नेताओं पर हमलों का सिलसिला नहीं थम रहा है। ताजा घटना बुधवार को नादिया में हुई जहां टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर भीड़ ने अंडे और पत्थक फेंके, जिसके कारण मोइत्रा को बचने के लिए घर के अंदर ही कैद होना पड़ा। खास बात ये रही कि इस पूरी घटना के दौरान पुलिस भीड़ के साथ मौजूद रही, लेकिन उसने उन्हें अंडे और पत्थर फेंकने से नहीं रोका और न ही मोइत्रा का वहां से सुरक्षित निकाला।
तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने बुधवार की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में पार्टी विधायक अलीफा अहमद के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे और पत्थर फेंके और उनके खिलाफ नारेबाजी की।
मोइत्रा कालीगंज के पलाशी में अलीफा अहमद के घर पर तृणमूल कांग्रेस की बैठक में शामिल होने गई थीं, तभी बाहर प्रदर्शनकारियों का एक समूह जमा हो गया और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाने लगा। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने अंडे और पत्थर भी फेंके और चोर-चोर के नारे लगाए।
मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो साझा करते हुए बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया, “राज्य में सरकार बदलने के बाद कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। अब बीजेपी ने मुझ पर हमला करने की साजिश रची है। ये कोई आम लोग नहीं हैं। ये बीजेपी कार्यकर्ता हैं।”
वहीं, जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुछ ही देर बाद पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत के बाद उन्हें वहां से हटा दिया। लेकिन वीडियो में साफ दिख रहा है कि मोइत्रा जिस घर में हैं, उसके बाहर झंडे और लाठी लिए लोगों की भीड़ एकत्र है और खिड़ती से मोइत्रा के दिखते ही वे उन पर अंडे और पत्थर फेंकने लगती है। इस पूरी घटना के दौरान भीड़ के साथ बड़ी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के जवान भी मौजूद दिख रहे हैं, लेकिन भीड़ को रोकने की कोई कोशिश नहीं कर रहे हैं।
मोइत्रा से जुड़ी यह पहली ऐसी घटना नहीं है। इससे पहले 13 जून को बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कृष्णानगर जिला अदालत के बाहर जमा हो गई थीं, जहां तृणमूल सांसद को एक मामले के सिलसिले में पेश होना था। आरोप है कि उन्होंने सांसद पर अंडे फेंकने की भी कोशिश की। उस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मोइत्रा ने कहा था, “मैं उन सभी के खिलाफ कार्रवाई करूंगी। मैं पुलिस थाने जाऊंगी। अगर पुलिस हमारे साथ नहीं है, तो मैं उच्च न्यायालय जाऊंगी। जरूरत पड़ने पर मैं उच्चतम न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाऊंगी।” हालांकि इसके बाद भी बंगाल में विपक्षी दल के नेताओं पर हमलों की सिलसिला जारी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
