भारत जोड़ो न्याय यात्रा: राहुल-प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा, बेरोजगारी, महंगाई समेत कई मुद्दों पर सीधे पूछा सवाल

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश में बड़े-बड़े इवेंट होते हैं, तो सभी कहते हैं कि देश का मान-सम्मान बढ़ रहा है। लेकिन क्या इस देश का मान-सम्मान जनता और युवाओं के सपनों से नहीं जुड़ा?

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस पार्टी की 'भारत जोड़ो न्याय' यात्रा जारी है। मणिपुर से शुरू हुई 'न्याय यात्रा' इस समय उत्तर प्रदेश से हो कर गुजर रही है। अलीगढ़ के जमालपुर से आज यात्रा की शुरुआत हुई। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज दूसरे दिन यात्रा में शामिल हुईं। इस दौरान लोगों से जनसंवाद करते हुए प्रियंका गांधी ने बेरोजगार युवाओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश में बड़े-बड़े इवेंट होते हैं, तो सभी कहते हैं कि देश का मान-सम्मान बढ़ रहा है। लेकिन क्या इस देश का मान-सम्मान जनता और युवाओं के सपनों से नहीं जुड़ा? क्या इस देश के युवाओं को रोजगार नहीं मिलना चाहिए। जब जनता का मान-सम्मान होगा, तभी देश का सम्मान बढ़ेगा।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि 'अग्निपथ स्कीम' देश के युवा सेना में जाने के लिए घंटों मेहनत करते हैं, लेकिन मोदी सरकार 'अग्निपथ स्कीम' ले आई। PSUs से रोजगार मिलता था, लेकिन सरकार इन्हें लगातार बेचा रही है, किसान सड़कों पर बैठा हुआ है, महंगाई लगातार बढ़ रही है। सरकार का कर्तव्य है कि वो जनता के लिए काम करे और जब तक आप इस बात को नहीं समझेंगे, बदलाव नहीं आएगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सरकार को कई मुद्दों पर निशाने पर लिया। राहुल गांधी ने कहा कि जब परिवार में लड़ाई होती है, तो परिवार कमजोर होता है। इसी तरह, जब कोई देश को कमजोर करता है, तो एक देशभक्त देश को बचाता है। नफरत और हिंसा को मिटाता है। 'भारत जोड़ो यात्रा' का यही लक्ष्य था।


राहुल गांधी ने कहा कि देश में बढ़ती नफरत का कारण अन्याय है। हिंदुस्तान में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। इसी अन्याय के खिलाफ हमने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू की है।

राहुल गांधी ने पेपर लीक के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आप पढ़ाई करते हैं, प्राइवेट ट्यूशन लेते हैं। फिर जब परीक्षा देने जाते हैं तो पता चलता है कि पेपर लीक हो चुका है। मोदी सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी नौकरी मांगने वालों का समय बर्बाद कर दो, क्योंकि ये आपको रोजगार नहीं देना चाहते।

उन्होंने कहा कि देश का पूरा धन अडानी को सौंपा जा रहा है। ऐसे में रोजगार कैसे पैदा होगा?  क्योंकि मोदी सरकार ने नोटबंदी और GST लाकर छोटे व्यापारियों और उद्योग-धंधों को खत्म कर दिया है। हिंदुस्तान की सेना में लाखों लोग देशसेवा करते थे। उन जवानों को सम्मान के साथ मेडिकल, कैंटीन, पेंशन जैसी सुविधाएं मिलती थीं। लेकिन अब जो अग्निवीर 4 साल बाद सेना से वापस आएंगे, उनकी आर्थिक स्थिति खराब होगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia