भारत जोड़ो यात्राः कल 100 दिन पूरे होने पर जयपुर में भारत जोड़ो कंसर्ट, सुनिधि चौहान करेंगी परफॉर्म

राजस्थान से गुजर रही भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह दौसा के गोलिया गांव से शुरु हुई। यात्रा के शाम के सत्र में फिल्ममेकर आनंद पटवर्धन और शिक्षाविद सीमा ने राहुल गांधी के साथ पैदल मार्च किया। शाम में भी यात्रा में आसपास के गांवों के हजारों लोग शामिल हुए।

फोटोः @INCIndia
फोटोः @INCIndia
user

नवजीवन डेस्क

इस समय राजस्थान से गुजर रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अपनी पूरी रफ्तार के साथ जारी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी इस अभियान का कल 16 दिसंबर को 100 दिन पूरा हो जाएगा। इस ऐतिहासिक मौके पर 16 दिसंबर की शाम को जयपुर में भारत जोड़ो कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध गायिका सुनिधि चौहान शामिल होंगी। इससे पहले शाम में राहुल गांधी जयपुर में कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे।

गुरुवार सुबह एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि आज भारत जोड़ो यात्रा का 99वां दिन है। कल यानी कि 16 दिसंबर को यात्रा का 100 दिन पूरा होगा। इस दिन शाम के 4 बजे जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए कार्यालय में राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे और शाम 7.30 बजे जयपुर के ही अल्बर्ट हॉल में भारत जोड़ो कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुनिधि चौहान मुख्य गायिका होंगी। 16 तारीख को शाम में पदयात्रा नहीं होगी। सुबह के सत्र में ही यात्री 6 बजे से 11 बजे तक 23 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे।

भारत जोड़ो यात्राः कल 100 दिन पूरे होने पर जयपुर में भारत जोड़ो कंसर्ट, सुनिधि चौहान करेंगी परफॉर्म

इससे पहले कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह दौसा जिले के गोलिया गांव से शुरु हुई। सुबह में कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग यात्रा के स्वागत के लिए मौजूद थे। सुबह के सत्र में पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी ने मुख्य रूप से तीन समूहों से बातचीत की। पहला राइट टू हेल्थ के लिए काम कर रहा डॉक्टर्स का एक समूह था। इन लोगों ने गहलोत सरकार द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विकेंद्रीकरण को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। इनका कहना था कि स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की जाए।

भारत जोड़ो यात्राः कल 100 दिन पूरे होने पर जयपुर में भारत जोड़ो कंसर्ट, सुनिधि चौहान करेंगी परफॉर्म

दूसरी बातचीत विभिन्न खेलों के अवार्ड विजेता खिलाड़ियों के समुह के साथ थी। खेलों में हम और ज़्यादा मेडल कैसे जीत सकते हैं, इसे लेकर राहुल गांधी ने मुख्य रूप से बात की। उन्होंने कहा कि सबसे पहले डाइट पर फोकस करना चाहिए। प्रोटीन युक्त डाइट ज़्यादा लें। छोटी उम्र से ही बच्चों की खेल में रुचि पहचान कर तैयारी शुरू करनी चाहिए। इस दौरान खेलों को बढ़ावा देने के लिए राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक और नौकरियों में खिलाड़ियों के लिए कोटा निर्धारण करने जैसे कांग्रेस सरकार के कार्यों के लिए खिलाड़ियों ने आभार व्यक्त किया।

इसके बाद राहुल ने लैंड फॉर लाइफ, 2021 पुरस्कार विजेता प्रोफेसर श्यामसुंदर ज्याणी के साथ बातचीत की। ज्याणी बीकानेर के डूंगर कॉलेज में प्रोफेसर हैं। उन्होंने बीकानेर सहित राज्य भर में 25 लाख से अधिक पौधे लगवाए हैं। बातचीत के बाद ज्याणी ने बताया कि वह भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्यों से बेहद प्रभावित हैं। वह बीकानेर में एक भारत जोड़ो वन भी लगाएंगे। उन्होंने जब राहुल गांधी को इसकी जानकारी दी तब उन्होंने कहा कि वह उस वन को देखने ज़रूर आएंगे।


दोपहर में राहुल गांधी ने किसानों से मुलाकात की। इनमें संयुक्त किसान मोर्चा, ईआरसीपी संघर्ष समिति पूर्वी राजस्थान, प्रदेश किसान संघर्ष समिति जैसे संगठनों के किसान थे। बातचीत के दौरान इन लोगों ने पिछली बीजेपी सरकार द्वारा संसद से पारित 2013 के कानून में संशोधन किए जाने के कारण भारतमाला एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए हुए भूमि अधिग्रहण में मुआवजे की कमी, पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना के शीघ्र कार्यान्वयन की आवश्यकता, एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी की जरूरत, किसानों की बेहतरी के लिए राज्य विधानसभा से पारित विधेयक को राज्यपाल द्वारा सहमति नहीं देने जैसे कई मुद्दे उठाए। इस दौरान एक किसान ने जिस तरह भारत जोड़ो यात्रा में एक दिन के लिए सिर्फ महिलाएं चलती हैं, उसी तरह किसान दिवस भी आयोजित करने का सुझाव दिया।

राहुल गांधी ने इनमें से ईआरसीपी जैसे कुछ मुद्दों को संसद में उठाने का वादा किया और कुछ जो राज्य स्तर की समस्याएं थीं, उन्हें पास बैठे मुख्यमंत्री से हल करने का अनुरोध किया। महिला दिवस की तरह भारत जोड़ो यात्रा में किसान दिवस आयोजित करने के सुझाव पर उन्होंने गंभीरता से विचार करने का भी वादा किया। यात्रा के शाम के सत्र में फिल्ममेकर आनंद पटवर्धन और शिक्षाविद सीमा ने राहुल गांधी के साथ पैदल मार्च किया। शाम में भी यात्रा में आसपास के गांवों के हज़ारों लोग शामिल हुए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */