बिहार में आज से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, मल्लिकार्जुन खड़गे ने बांका में दिखाई हरी झंडी

आज बांका से शुरू बिहार कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 1023 किलोमीटर का सफर तय कर बोधयगा में समाप्त होगी। यह यात्रा 17 जिलों से होकर गुजरेगी। बाकी 21 जिले में अलग से यात्रा निकलेगी। 60 दिनों की इस यात्रा में 100 मूल यात्री शामिल रहेंगे जो बोधगया तक जाएंगे।

फोटोः @INCBihar
फोटोः @INCBihar
user

नवजीवन डेस्क

राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक जारी भारत जोड़ो यात्रा के बीच आज बिहार में भी कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हजारों लोगों की भीड़ के बीच बांका के मंदार पर्वत की तलहटी से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। इस मौके पर बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास समेत राज्य कांग्रेस के तमाम नेता मौजूद रहे।

बांका के मंदार पर्वत से यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले मल्लिकार्जुन खड़गे ने मौदार के लक्ष्मीनारण मंदिर में पूजा अर्चना की और एक जनसभा में लोगों को संबोधित भी किया। आज शुरू हुई कांग्रेस की यह यात्रा मंदार पर्वत से निकलकर बाराहाट में विश्राम के लिए रुकी । आज कुल साढ़े सात किलोमीटर की यात्रा हुई, जिसके बाद यात्रा पूर्व क्रांग्रेस प्रत्याशी जितेन्द्र सिंह के यहां विश्राम के लिए रुकी।


बिहार कांग्रेस की बांका से शुरू भारत जोड़ो यात्रा 1023 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद बोधयगा में समाप्त होगी। इससे पहले बिहार में भारत जोड़ों यात्रा की शुरुआत 28 दिसंबर से होने वाली थी, लेकिन अंततः इसे 5 जनवरी 2023 से शुरू किया गया। भारत जोड़ो यात्रा में समय-समय पर कांग्रेस के कई शीर्ष नेता भी शामिल होंगे।

आज से बिहार में शुरू हुई कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' 17 जिलों से होकर गुजरेगी। बाकी 21 जिलों में अलग से 'भारत जोड़ो यात्रा' निकाली जाएगी। 60 दिनों की इस यात्रा में 100 मूल यात्री शामिल रहेंगे जो यात्रा को बांका से बोधगया तक ले जाएंगे। बांका से शुरू होकर यह यात्रा भागलपुर, नवगछिया, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा और फिर मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर और मुजफ्फरपुर होते हुए वैशाली, पटना, आरा, बक्सर, कैमूर, सासाराम, औरंगाबाद और गया होते हुए बोधगया पहुंचेगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia