बस थोड़ी देर में दिल्ली में दाखिल होगी भारत जोड़ो यात्रा, कहां हो सकते हैं शामिल, जानें पूरा रूट

भारत जोड़ो यात्रा बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करेगी और आश्रम, हजरत निजामुद्दीन, इंडिया गेट होते हुए लाल किले की ओर बढ़ेगी। फिर राजघाट पर राहुल गांधी द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद यात्रा कुछ दिन के लिए रुकेगी और 3 जनवरी से फिर से शुरू होगी।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी भारत जोड़ो यात्रा का आज 108वां दिन है। आज यात्रा राजधानी दिल्ली पहुंचेगी। अब से कुछ ही देर में यात्रा बदरपुर सीमा से दिल्ली में दाखिल होगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में मथुरा रोड से होते हुए आश्रम चौक, निजामुद्दीन, जाकिर हुसैन मार्ग, इंडिया गेट, तिलक मार्ग, आईटीओ से होकर लाल किले तक जाएगी। इसके बाद राजघाट पर महात्मा गांधी स्मारक पर राहुल गांधी द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ यात्रा कुछ दिनों के लिए रुक जाएगी और 3 जनवरी से फिर से शुरू होगी।

जोरदार स्वागत की तैयारी में दिल्ली कांग्रेस

राहुल गांधी के नेतृत्व में कल राजधानी पहुंच रही भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करने के लिए दिल्ली कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। सुबह करीब 6.30 बजे यात्रा बदरपुर सीमा के माध्यम से राजधानी में प्रवेश करेगी। पार्टी ने स्वागत को भव्य रूप देने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है। यात्रा के पूरे रास्ते में झंडे और होर्डिंग्स लगाए गए हैं। दिल्ली कांग्रेस ने यात्रा में शामिल होने वाले अपनी सभी कार्यकर्ताओं को मास्क पहनने के लिए कहा है।


आज के बाद 9 दिन के लिए थमेगी यात्रा

इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बताया कि उत्तर में कड़ाके की सर्दी के लिए कंटेनरों की मरम्मत और उन्हें तैयार करने के लिए यात्रा में नौ दिनों का ब्रेक होगा। साथ ही, इस यात्रा में भाग लेने वाले कई लोग लगभग चार महीने बाद अपने परिवार के साथ समय बिता पाएंगे। यात्रा 3 जनवरी, 2023 को फिर से शुरू होगी।

तय कार्यक्रम के अनुसार, छोटे से विश्राम के बाद भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी को गाजियाबाद से शुरू होकर हरियाणा की ओर बढ़ेगी और 6 जनवरी को पानीपत सीमा पर सनौली खुर्द पहुंचेगी। इस मौके पर दूसरे दिन विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद यात्रा कई दिनों तक हरियाणा में चलेगी।

अब तक 9 राज्यों से होकर गुजरी भारत जोड़ो यात्रा

राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अब तक नौ राज्यों-तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से गुजर चुकी है। आज हरियाणा से बदरपुर बॉर्डर होते हुए यह दिल्‍ली में प्रवेश कर जाएगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में की जा रही पदयात्रा ने अब तक 2,800 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की है। यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करने के बाद लगभग 8 दिनों के विराम के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब होते हुए जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी।


यात्रा में कई हस्तियां हो चुकी हैं शामिल

अब तक भारत जोड़ो यात्रा में कई दिग्गज नेता और हस्तियां राहुल गांधी के साथ कदमताल कर चुके हैं। भारत जोड़ो यात्रा में पूजा भट्ट, रिया सेन, सुशांत सिंह, स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी और अमोल पालेकर जैसी फिल्मी और टेलीविजन हस्तियां शामिल हो चुके हैं।इनके अलावा पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल एल रामदास, शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुप्रिया सुले और भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन सहित कई अन्य हस्तियां भी समय-समय पर इस पदयात्रा में शामिल हुई हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */