आज कन्याकुमारी से होगी भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत, राहुल गांधी करेंगे देश जोड़ने के अभियान का आगाज

कांग्रेस ने साफ कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा सभी के लिए खुली है। दूसरे राजनीतिक दल, संस्थाएं और आम लोग भी इस पदयात्रा में शामिल हो सकते हैं। यात्रा में कांग्रेस का झंडा नहीं दिखेगा। इसके बजाए पूरी यात्रा के दौरान तिरंगा दिखेगा।

फोटोः नवजीवन
फोटोः नवजीवन
user

आसिफ एस खान

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज तमिलनाडु के कन्याकुमारी में एक बड़ी सभा में 'भारत जोड़ो यात्रा' का शुभारंभ करेंगे। करीब 3570 किमी लंबी और 5 महीने चलने वाली इस पदयात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे। यात्रा के आगाज से पहले राहुल गांधी आज श्रीपेरंबदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की समाधि पर जाएंगे और प्रार्थना में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह कन्याकुमारी में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहेंगे। यहां राहुल गांधी को खादी का बना राष्ट्र ध्वज सौंपा जाएगा।

इसी सभा से भारत जोड़ो यात्रा की आपचारिक शुरुआत हो जाएगी और फिर 8 सितंबर को सुबह 7 बजे से यात्रा शुरू होगी जब राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता मार्च शुरू करेंगे। पदयात्रा दो बैचों में चलेगी, एक सुबह 7 से 10:30 बजे तक और दूसरी दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक। औसतन रोजाना लगभग 22-23 किमी चलने की योजना है। पार्टी ने राहुल गांधी सहित 119 नेताओं को 'भारत यात्रियों' के रूप में वर्गीकृत किया है, जो कन्याकुमारी से श्रीनगर तक पूरी दूरी तय करेंगे। कन्याकुमारी से श्रीनगर तक की 3,570 किलोमीटर की यह यात्रा लगभग पांच महीने में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी।

आज कन्याकुमारी से होगी भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत, राहुल गांधी करेंगे देश जोड़ने के अभियान का आगाज

कांग्रेस ने इस यात्रा का आयोजन देश में बढ़ती आर्थिक विषमता, सामाजिक ध्रुवीकरण, नफरत और विभाजन की कोशिशों के खिलाफ लोगों को एकजुट करने के लिए किया है। कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा का मकसद प्रेम और भाईचारे फैलाना है। इसलिए इसका नाम 'भारत जोड़ो यात्रा' रखा गया है। यह यात्रा एकता की शक्ति दिखाने, कदम से कदम मिलाने और सपनों का भारत बनाने के लिए है। कांग्रेस ने कहा है कि यह यात्रा सभी के लिए खुली है। दूसरे राजनीतिक दल, संस्थाएं और लोग भी पदयात्रा में शामिल हो सकते हैं। यात्रा में कांग्रेस का झंडा नहीं दिखेगा। इसके बजाए तिरंगा दिखेगा। कांग्रेस ने यात्रा के कई स्लोगन भी जारी किए हैं।

· बेरोजगारी का जाल तोड़ो, भारत जोड़ो

· मिले कदम, जुड़े वतन

· संविधान बचाएंगे, मिलकर भारत जोड़ेंगे

· महंगाई से नाता तोड़ो, मिलकर भारत जोड़ो

· नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो

· कदम से कदम मिलाएंगे, हम भारत को जोड़ते जाएंगे, हर चेहरे पर मुस्कान लौटाएंगे

करीब 5 महीने चलने वाली भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओं के साथ आम लोगों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। कन्याकुमारी में यात्रा की शुरुआत के लिए होने वाले कार्यक्रम के आयोजन स्थल पर आम लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। लोग मुख्य कार्यक्रम के काफी पहले से आकर सभा स्थल का जायजा ले रहे हैं और यात्रा में शामिल होने के बारे में जानकारी ले रहे हैं। वहीं आयोजन स्थल के निर्माण में लगे मजदूर और कारीगर भी पूरे उत्साह के साथ सबा स्थल को तैयार करने में जुटे हैं।


वहीं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। तमाम कांग्रेस नेता सोशल मीडिया पर पोस्ट कर या वीडियो साझा कर यात्रा के बारे में जानकारी दे रहे हैं और लोगों से इसमें शामिल होने की अपील कर रहे हैं। पूरी यात्रा में राहुल गांधी के साथ मौजूद रहने वाले युवा नेता कन्हैया कुमार ने भी एक वीडियो संदेश शेयर करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा तीन स्तंभों पर आधारित है- आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक। ये संवरेंगे, तो देश सही मायने में बनेगा। भारत की बहुदलीय व्यवस्था, राजनीति की यह संरचना भारतीय लोकतंत्र का यह ताना-बाना, साथ जुड़ा रहे, इसीलिए हम भारत जोड़ो की बात कर रहे हैं।

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि भारत को विविधता, कोस-कोस पर बदलने वाला पानी और बोली जोड़ते हैं। भारत को गांधी की आत्मा, गांधी के आदर्श जोड़ते हैं। वर्तमान सरकार में जो माहौल है, उसने भारत के युवाओं के हौसले को तोड़कर रख दिया है।


हरियाणा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि भारत को हमारा भाईचारा और अनेकता में एकता जोड़ती है। लेकिन आज देश में जिस तरह की विचारधारा कायम हो रही है वह अपनों को अपनों से दूर कर रही है। आज यह जरूरी है कि हम एकजुट होकर आगे बढ़ें और हमारे पुरखों ने जिस भारत का सपना देखा था उसे पूरा करें।

कांग्रेस ने भी कई ट्वीट में कई नारों और स्लोगन के जरिये भारत जोड़ो यात्रा का महत्व बताया और लोगों से इसमें जुड़ने की अपील की है। कांग्रेस ने कहा कि जनता के मुद्दे आय में कमी, महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी है। जबकि भाजपा सांप्रदायिकता, दंगे और तानाशाही का सहारा लेकर मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है लेकिन हम सभी को मिलकर भारत को जोड़ना होगा। कदम से कदम मिलाएंगे, हम भारत को जोड़ते जाएंगे, हर चेहरे पर मुस्कान लौटाएंगे। आइए, भारत को जोड़कर एकता के सूत्र में पिरोते हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia