बिहार में नीतीश को बड़ा झटका, पूर्व जेडीयू विधायक आरजेडी में शामिल, तेजस्वी ने कहा- गिरी हुई सरकार का गिरना तय

तेजस्वी यादव ने पूर्व विधायक महेश्वर सिंह का आरजेडी में स्वागत करते हुए कहा कि नीतीश सरकार नौजवानों के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि आज रिश्वत के बिना कोई काम नहीं हो रहा है। अफसरशाही इतनी बढ़ गई है कि मंत्री को भी इसके खिलाफ आवाज उठानी पड़ रही है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आज उस समय एक और बड़ा झटका लगा, जब उनकी पार्टी जेडीयू के पूर्व विधायक और कद्दावर नेता महेश्वर सिंह अपने समर्थकों के साथ आरजेडी में शामिल हो गए। महेश्वर सिंह को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार की गिरी हुई सरकार का गिरना तय है।

तेजस्वी यादव ने पूर्व विधायक महेश्वर सिंह का आरजेडी में स्वागत करते हुए उन्हें अनुभवी नेता बताया। उन्होंने कहा कि इनके आने से आरजेडी और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार नौजवानों के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि आज रिश्वत के बिना कोई काम नहीं हो रहा है। अफसरशाही इतनी बढ़ गई है कि मंत्री को भी इसके खिलाफ आवाज उठानी पड़ रही है।


उन्होंने कहा, "बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के सहारे सरकार चल रही है। भ्रष्ट अधिकारी, मंत्री और विधायक पर हावी हैं। समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी ने जो कुछ भी कहा है, वह बिलकुल सही है। मंत्री ने जो आरोप लगाए हैं, उसके छींटे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली पर भी पड़े हैं।"

तेजस्वी ने बिहार में तबादले के नाम पर कमाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने हैं, तभी से यह धंधा चल रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के कई विधायक भी सरकार की कार्यशैली से नाराज हैं। उन्होंने एकबार फिर नीतीश सरकार को चोर दरवाजे से बनी सरकार बताते हुए कहा, "यह गिरी हुई सरकार है, जिसका गिरना तय है।"


इससे पहले जेडीयू के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह आरजेडी ऑफिस में तेजस्वी यादव की मौजूदगी में आरजेडी में शामिल हुए। तेजस्वी ने कहा कि महेश्वर सिंह काफी अनुभवी नेता हैं। ये दो बार विधायक रह चुके हैं, इनके आने से आरजेडी और मजबूत होगा। महेश्वर सिंह ने आरजेडी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद तेजस्वी की तारीफ करते हुए कहा कि इनका विजन साफ है और हम सब उसी के साथ चलेंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 03 Jul 2021, 6:08 PM