बिहार में 83 अफसरों का तबादला, पटना समेत कई जिलों में बदले प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी

बिहार सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 83 अधिकारियों का तबादला किया है, जिनमें 56 प्रशासनिक और 27 पुलिस अधिकारी शामिल हैं।

फोटोः IANS
i

बिहार सरकार ने शनिवार देर रात प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने एक साथ 83 अधिकारियों का तबादला किया है। इनमें बिहार प्रशासनिक सेवा के 56 अधिकारी और बिहार पुलिस सेवा के 27 पदाधिकारी शामिल हैं। सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग की ओर से अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर कई अधिकारियों को विभागों और जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रशासनिक सेवा के 56 अधिकारियों का तबादला

सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, तबादला किए गए बिहार प्रशासनिक सेवा के ज्यादातर अधिकारी फिलहाल पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे। अब उन्हें अलग-अलग विभागों में जिम्मेदारी दी गई है। राकेश कुमार को पथ निर्माण विभाग में उप सचिव, मनीष कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव और अभिनव कुमार को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है। अनिल कुमार को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी और अभिषेक कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी मिली है।

इसी क्रम में वंदना सिन्हा को कला एवं संस्कृति विभाग में उप सचिव, सुवीर रंजन को जल संसाधन विभाग में उप सचिव और अविनाश कुमार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में उप सचिव बनाया गया है। जिलों में भी कई अधिकारियों को अहम जिम्मेदारी दी गई है। नीरज कुमार को शेखपुरा, प्रभात कुमार को मुंगेर, शंकर शरण ओमी को पूर्णिया और संदीप कुमार को जहानाबाद का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है।

इसके अलावा रीतु रानी को गोपालगंज, अमित विक्रम बैना को रोहतास, निखिल कुमार को सहरसा और निधि राज को पश्चिम चंपारण का वरीय उप समाहर्ता बनाया गया है। संतोष कुमार को गोपालगंज में अनुमंडल पदाधिकारी और पूजा कुमारी को समस्तीपुर के रोसड़ा का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है।


पुलिस सेवा के 27 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार बिहार पुलिस सेवा के 27 पदाधिकारियों का भी तबादला किया गया है। सोन कुमार राय को पटना का पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) बनाया गया है। उमेश्वर चौधरी को फुलवारीशरीफ और प्रेमचंद सिंह को छपरा सदर का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं पोलस्त कुमार को महुआ, वैशाली, सुशील कुमार को आरा सदर और प्रशांत कुमार को बेगूसराय सदर का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। गुलशन कुमार को रेल गया में पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

तबादला सूची में राजेश कुमार को हथुआ, गोपालगंज, अजीत प्रताप सिंह चौहान को धमदाहा, पूर्णिया, अमरकांत को मंझौल, बेगूसराय और सतीश सुमन को समस्तीपुर सदर का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा पंकज कुमार मिश्रा को मोतिहारी सदर, गोरख राम को डुमरांव, आनंद मोहन गुप्ता को सिवान सदर, निशिकांत भारती को सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर और चंद्र भूषण को दाउदनगर, औरंगाबाद का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है।

2024 और 2025 बैच के अधिकारी भी शामिल

पुलिस अधिकारियों के तबादले में 2024 और 2025 बैच के पदाधिकारी भी शामिल हैं। अभिनव कुमार को बजीरगंज, गया, पंकज कुमार सिंह को त्रिवेणीगंज, सुपौल, पवन कुमार को वीरपुर, सुपौल और पवन कुमार सिंह को उदाकिशुनगंज, मधेपुरा की जिम्मेदारी दी गई है।

सरकार की ओर से देर रात किया गया यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल विभागों और जिलों में अधिकारियों की नई तैनाती के तौर पर सामने आया है। आईएएनएस के अनुसार, इस फेरबदल के जरिए आने वाले दिनों में जिलों और विभागों के कामकाज को और प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए