बिहार: पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन मुस्तैद, सीमावर्ती इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ चलेगा अभियान

बिहार में ग्राम पंचायत और ग्राम कचहरी के चुनाव 11 चरणों में होंगे। पंचायत चुनाव को लेकर 24 सितंबर को पहले चरण का मतदान होगा जबकि 12 दिसंबर को 11 वें तथा अंतिम चरण के मतदान कराए जाएंगे।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

बिहार में 11 चरणों में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। बिहार से सटे अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय बनाकर छापेमारी अभियान भी चलाने की योजना बनाई गई है।

बिहार के सटे झारखंड के भी जिलों में सुरक्षा को लेकर झारखंड पुलिस चौकस हो गई है। इस दौरान बिहार से झारखंड सीमा में प्रवेश करने वाले लोगों पर विशेष चौकसी रखी जा रही है।

राज्य में पंचायत चुनाव के पहले चरण में 24 सितंबर को मतदान होना है। इसे लेकर बिहार से झारखंड के पलामू जिला मुख्यालय में शुक्रवार को इंटर स्टेट पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि झारखंड बिहार सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलेगा। साथ ही चुनाव के पहले सीमाओं को सील किया जाएगा तथा दोनों राज्य के सीमावर्ती जिलों की पुलिस सूचनाओं का भी आदान-प्रदान करेगी।


पुलिस सूत्रों के मुताबिक बैठक में बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर नक्सल गतिविधि पर चर्चा की गई तथा साथ ही उनके खिलाफ कार्रवाई की योजना तैयार की गई।

सूत्रों का कहना है कि बिहार पंचायत चुनाव में मतदान के पहले झारखंड में नक्सल प्रभावित इलाके की ग्रामीण सड़कें एवं पुल पुलियों की बम निरोक टीम के द्वारा गहन जांच कराई जाएगी। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में नक्सल गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने पर चर्चा की गई। झारखंड बिहार के पुलिस अधिकारियों ने एक दूसरे के इलाके में सक्रिय नक्सलियों की सूची भी साझा की है। चुनाव से पहले बिहार सीमा पर संदिग्ध अपराधी और अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ भी कार्रवाई का निर्णय हुआ है।

गौरतलब है कि बिहार में ग्राम पंचायत और ग्राम कचहरी के चुनाव 11 चरणों में होंगे। पंचायत चुनाव को लेकर 24 सितंबर को पहले चरण का मतदान होगा जबकि 12 दिसंबर को 11 वें तथा अंतिम चरण के मतदान कराए जाएंगे।

गौरतलब हो कि छह पदों के लिए ग्राम पंचायत और ग्राम कचहरी के चुनाव होने हैं। इनमें मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, वार्ड सदस्य, सरपंच और पंच के पद शामिल हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia