तेज प्रताप यादव 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए, बिहार बंद के दौरान छात्रों के समर्थन में उतरे थे सड़क पर

NEET पेपर लीक के विरोध में बिहार बंद के दौरान प्रदर्शन में शामिल तेज प्रताप यादव को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

फोटो: IANS
i

बिहार बंद के दौरान प्रदर्शन और पुलिस से टकराव के मामले में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। तेज प्रताप यादव बिहार बंद के दौरान छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

छात्रों के साथ धरने पर बैठे, मार्च के दौरान पुलिस ने रोका

NEET पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बिहार शनिवार को बंद बुलाया गया था। इसी के समर्थन में तेज प्रताप यादव पटना के रामगुलाम चौक पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों के साथ सड़क पर धरना दिया। इसके बाद जब वह छात्रों के साथ रामगुलाम चौक से डाक बंगला चौराहे की ओर मार्च करने लगे तो एग्जीबिशन रोड के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया और हिरासत में ले लिया।

तेज प्रताप बोले- छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं

हिरासत में लिए जाने के दौरान तेज प्रताप यादव पुलिस वाहन के दरवाजे से लटकते हुए दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने कहा, "हम छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। अगर जरूरत पड़ी तो मैं छात्रों के अधिकारों के लिए जान देने को भी तैयार हूं।" प्रदर्शन में शामिल होने से पहले उन्होंने NEET पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों की मांगों का समर्थन किया था और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई थी।

बिहार बंद के दौरान कई जगह प्रदर्शन, पटना में पथराव

बिहार बंद के दौरान वामपंथी छात्र संगठनों ने भी राज्य के कई जिलों में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बनी। राजधानी पटना के डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान पथराव की घटना भी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी तथा शहर के कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।

पुलिस के अनुसार, बिहार बंद का असर पूरे राज्य में समान नहीं रहा। पटना समेत कुछ इलाकों में प्रदर्शन और पथराव की घटनाएं देखने को मिलीं, जबकि नालंदा, नवादा, जहानाबाद और रोहतास जैसे जिलों में बंद का असर अपेक्षाकृत कम रहा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए