बिहारः JDU में विलय से पहले उपेंद्र कुशवाहा को बड़ा झटका, पार्टी नेताओं ने आरजेडी में कर दिया RLSP का विलय

आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की इन दिनों सीएम नीतीश कुमार से नजदीकियां बढ़ी हैं। चर्चा थी कि वे नीतीश की जेडीयू में अपनी पार्टी का विलय करने वाले हैं, जिसके बाद उन्हें नीतीश सरकार में मंत्री बनाया जाता। लेकिन इससे पहले ही कुशवाहा को बड़ा झटका लग गया है।

फोटोः @RJDforIndia
फोटोः @RJDforIndia
user

नवजीवन डेस्क

पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को पार्टी का नीतीश की पार्टी जेडीयू में विलय करने के ठीक पहले आज बड़ा झटका लगा है। आरएलएसपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा, महासचिव निर्मल कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं ने आज आरजेडी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इतना ही नहीं, पार्टी के तमाम पदाधिकारियों ने उपेंद्र कुशवाहा को छोड़कर पूरी पार्टी का आरजेडी में विलय भी कर दिया।

आरएलएसपी के इन सभी नेताओं और पदाधिकारियों को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पटना में पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर तेजस्वी यादव ने आरएलएसपी से आए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि एक तरह से आरएलएसपी का आरजेडी में विलय हो गया है। उन्होंने कहा कि आरएलएसपी में अब केवल पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा बच गए हैं।

इस मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा, महासचिव निर्मल कुशवाहा, महिला सेल की प्रमुख मधु मंजरी सहित कई प्रकोष्ठ के प्रमुख, कई जिला समिति के अध्यक्ष और पदाधिकारी के साथ झारखंड आरएलएसपी के प्रदेश अध्यक्ष ने आज आरजेडी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि इन साथियों के आरजेडी में आने से पार्टी मजबूत होगी।

साथ ही तेजस्वी ने कहा कि इससे पहले पिछले विधानसभा चुनाव में आरएलएसपी के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूदेव चौधरी भी आरजेडी की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुशवाहा पहले कहते थे कि अगर नीतीश कुमार जैसा दोस्त हो, तो दुश्मन की जरूरत नहीं पड़ती है। अब शायद कुशवाहा जी इन बातों को भूल गए हैं।

इधर, आरएलएसपी से आरजेडी में आए वीरेद्र कुशवाहा ने कहा कि, "नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने के लिए आरएलएसपी को बनाया गया था। इसी संकल्प के साथ हम सभी ने गांव-गांव जाकर पार्टी के कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलवाया था, लेकिन आज उपेंद्र कुशवाहा ने इन संकल्पों को भूलाकर नीतीश कुमार के साथ जाने का मन बना लिया है।"

इस मौके पर वीरेद्र कुशवाहा ने यहां तक कहा कि आरएलएसपी के हम साथी उपेंद्र कुशवाहा को पार्टी से निष्कासित कर आरजेडी के साथ आ गए हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नीतीश को सत्ता से हटाना हमारा संकल्प है। आरजेडी कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम के मौके पर आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की इन दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नजदीकियां बढ़ी हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि वे जल्द ही नीतीश कुमार की जेडीयू में अपनी पार्टी का विलय कर देंगे। चर्चा है कि विलय के बाद कुशवाहा नीतीश सरकार में मंत्री बनाए जाएंगे। लेकिन आज इससे पहले ही उपेंद्र कुशवाहा को बड़ा झटका लग गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia