बिहार के मुख्य सचिव का कोरोना से निधन, राज्य में भयावह हुआ वायरस का कहर

मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के निधन पर राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक महकमे में शोक की लहर है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अरुण कुमार सिंह के निधन को अत्यंत दु:खद और अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बिहार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अरुण सिंह कोरोना से संक्रमित थे। उनके निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने शोक जताया है।

पिछले दिनों मुख्य सचिव अरूण कुमार सिंह के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें राजधानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था, वहीं आज उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। अरुण सिंह मुख्य सचिव के पहले बिहार के विकास आयुक्त के पद पर भी रह चुके हैं। उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के निधन पर राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक महकमे में शोक की लहर दौड पड़ी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अरुण कुमार सिंह के निधन को अत्यंत दु:खद बताते हुए अपने शोक संदेश में कहा, "अरुण कुमार सिंह वर्ष 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी थे। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक कुशल प्रशासक थे। वे एक मिलनसार व्यक्ति थे। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी भूमिका का बेहतर निर्वहन किया था।"


नीतीश ने कहा कि उनके निधन से प्रशासनिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भी अरुण सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा, "1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी बिहार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के निधन से अत्यंत मर्माहत हूं। वे अनुभवी एवं कुशल प्रशासक थे। उनके निधन से प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।"

इधर, विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी अरुण सिंह के निधन पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने अपने शेक संदेश में कहा, "बिहार सरकार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह की कोरोना संक्रमण के कारण हुई असामयिक मौत पर मर्माहत हूं। कुछ कहने को शब्द नहीं। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।"

बिहार युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार ने भी अरुण कुमार सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि वे कुशल प्रशासक और शिक्षाविद थे। उनका जाना बिहार के लिए अपूरणीय क्षति है। आरजेडी के विधायक चंद्रहास चौपाल ने कहा कि अरुण सिंह का जाना प्रशासनिक क्षेत्र के लिए राज्य को बड़ी क्षति है। वे व्यवहार कुशल और नेक दिल के इंसान थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia