बिहारः रूपेश के परिजनों से मिले चिराग पासवान, नीतीश सरकार पर उठाए सवाल, कहा- कोई सुरक्षित नहीं
चिराग पासवान ने कहा कि यह दुख की बात है कि बिहार में कानून-व्यवस्था निचले स्तर पर है और प्रश्न पूछने वालों को ही बेतुका प्रश्न देकर चुप करवा दिया जा रहा है। चिराग ने प्रदेश सरकार से रूपेश के परिवार को सुरक्षा और एक सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

बिहार की बदहाल कानून-व्यवस्था को लेकर मंगलवार को लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में कोई सुरक्षित नहीं है। चिराग ने आज छपरा में रूपेश सिंह के अवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा, "रूपेश की हत्या पटना के पॉश इलाके में हुई। जब उस इलाके में हत्या हो सकती है, तो बिहार में कोई सुरक्षित नहीं है।"
चिराग पासवान ने कहा, "यह दुख की बात है की प्रदेश में कानून-व्यवस्था निचले स्तर पर है और प्रश्न पूछने वालों को ही बेतुका प्रश्न देकर चुप करवा दिया जा रहा है।" चिराग ने प्रदेश सरकार से रूपेश के परिवार को सुरक्षा और एक सरकारी नौकरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी बात पर कमेटी बनाने की बात की जाती है, लेकिन काम कुछ नहीं होता, तो फिर ऐसी कमेटी बनाने की आवश्यकता ही क्या है।
एलजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि रूपेश की हत्या के आठ दिन बाद भी सरकार और प्रशासन अपराधियों का सुराग तक नहीं लगा सके हैं। उन्होंने सवाल किया कि सीसीटीवी कैमरा खराब क्यों था, प्रशासन के अधिकारी क्या कर रहे थे। खुफिया एजेंसी क्या कर रही थीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार और प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
गौरतलब है कि 12 जनवरी की देर शाम राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के पुनाईचक में पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन हेड रुपेश कुमार सिंह की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या उनके अपार्टमेंट के नीचे उस समय की गई, जब वे शाम को काम खत्म कर घर लौट रहे थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 19 Jan 2021, 5:59 PM
