बिहार के सीएम सम्राट का बंगला पीएम आवास से भी बड़ा, देश के सबसे आलीशान, भव्य और सात सितारा बंगले जैसाः आरजेडी

अब्दुल बारी सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि सीएम सम्राट चौधरी ने पक्षपात करके उपमुख्यमंत्री के नाम आवंटित आवास को भी अपने निवास में समाहित कर लिया। साथ ही दिल्ली में बिहार निवास और बिहार भवन के बजाय टाइप-8 बंगला भी लिया है।

राबड़ी आवास विवाद पर भड़की आरजेडी, कहा- सीएम सम्राट का बंगला पीएम आवास से भी बड़ा
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को जारी सरकारी आवास खाली करने के आदेश को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले में राजनीतिक रूप ले लिया है। सोमवार को एक बार फिर आरजेडी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आवास देश के प्रधानमंत्री के बंगले से भी बड़ा है।

आरजेडी कार्यालय में पार्टी के प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि देश के सबसे गरीब राज्य के मुख्यमंत्री का बंगला भारत के सबसे आलीशान, भव्य और सात सितारा बंगले जैसा है। सीएम सम्राट चौधरी का बंगला प्रधानमंत्री के बंगले से भी बड़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूर्व में उपमुख्यमंत्री के नाम आवंटित 5, देशरत्न मार्ग को बंगला को भी मुख्यमंत्री निवास में मिला लिया है।

अब्दुल बारी सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी ने दिल्ली में बिहार निवास और बिहार भवन के बजाय टाइप-8 बंगला भी लिया है। मुख्यमंत्री ने अपना निवास लगभग 15 एकड़ से भी अधिक में कर लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में अभी तक उपमुख्यमंत्री के लिए दो आवास आवंटित थे, लेकिन सम्राट चौधरी ने पक्षपात करके उपमुख्यमंत्री के नाम के आवास को भी अपने निवास में समाहित कर लिया।


उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि सीएम सम्राट चौधरी इतने ही नियम और कानून के पाबंद हैं तो फिर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और विजेंद्र यादव को पूर्व से क्रमांकित उपमुख्यमंत्री आवास में उन्हें शिफ्ट क्यों नहीं कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि अगर विजय चौधरी और विजेंद्र यादव मंत्री की हैसियत से आवंटित पूर्व के आवास में रह रहे हैं तो फिर नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद और बिहार की प्रथम महिला मुख्यमंत्री रही राबड़ी देवी के साथ एक अपरिपक्व और राजनीतिक विद्वेषपूर्ण, पक्षपातपूर्ण तथा बदले की भावना वाला व्यवहार क्यों किया जा रहा है?

सिद्दिकी ने कहा कि ईर्ष्या, द्वेष और शत्रुता की भावना से प्रेरित होकर सरकार कार्य कर रही है। सिद्दीकी ने सीएम सम्राट चौधरी से कई सवाल भी किए, जिसमें कई सरकारी आवासों के आवंटन को लेकर प्रश्न किए गए हैं। उन्होंने कहा, "लोक लाज और स्थापित लोकतांत्रिक मूल्य और परंपराओं को त्याग कर सम्राट चौधरी अगर ऐसे ही द्वेषपूर्ण निम्नस्तरीय राजनीति करेंगे तो राष्ट्रीय जनता दल के लोग अपना आवास और सुरक्षा सम्राट चौधरी को वापस दे देंगे ताकि वह उन सभी आवास और सुरक्षा को स्वयं के प्रयोग में ला सके।"


इस प्रेस वार्ता को आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और अनुसूचित जाति, जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवचंद्र राम ने भी संबोधित किया। यहां बता दें कि बिहार सरकार ने 10 सर्कुलर रोड को खाली करने का नोटिस पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को दिया है। बदले में उन्हें 39, हार्डिंग रोड बंगला अलॉट किया गया है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड वाला बंगला छोड़ने से इनकार कर दिया है। इस बीच पटना जिला प्रशासन ने आरजेडी नेता राबड़ी देवी से नव-आवंटित आवास संख्या 39, हार्डिंग रोड में शिफ्ट करने का आदेश दिया है। प्रशासन ने आरजेडी नेता को 15 दिन का समय दिया है, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia