बिहार कांग्रेस ने निकाली संविधान बचाओ पैदल यात्रा, राजेश राम बोले- किसी के मनमाफिक नहीं चलेगा देश
'संविधान बचाओ पैदल यात्रा' बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम से शुरू हुई और राजापुर पुल होते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद समाधि स्थल, बांस घाट पर जाकर समाप्त हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान 500 मीटर लंबा तिरंगा भी लिए रहे।

बिहार कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को राजधानी पटना में 'संविधान बचाओ पैदल यात्रा' निकाली। इस यात्रा में शामिल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि आज संविधान बचाने के मुद्दे को लेकर हम लोग इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी संविधान को बदलने की कोशिश कर रही है, उसी के खिलाफ लड़ाई है। ये देश किसी के मनमाफिक नहीं चलेगा।
'संविधान बचाओ पैदल यात्रा' प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम से शुरू हुई और राजापुर पुल होते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद समाधि स्थल, बांस घाट पर जाकर समाप्त हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान 500 मीटर लंबा तिरंगा भी लिए रहे। इस पैदल यात्रा में शामिल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि इस पैदल यात्रा के जरिए महात्मा गांधी की कर्मभूमि और डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती से देश में यह संदेश देने का काम किया गया है कि यह देश संविधान से चलेगा न कि किसी के मनमाफिक चलेगा।
राजेश राम ने कहा कि इस पदयात्रा का संदेश संविधान की सुरक्षा है। जय बापू, जय भीम, जय संविधान के मुद्दे पर हम इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने बीजेपी पर गांधी और बाबासाहेब भीम राव अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी पिछले दस वर्षों से धर्मनिरपेक्ष संविधान को सांप्रदायिक करने का बीड़ा उठाए हुए है।
उन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस चुनाव में भी जनता ने संविधान बचाने के मुद्दे पर विपक्ष को साथ दिया। जनता ने बीजेपी के 400 पार के नारे को ध्वस्त कर दिया। यह परिणाम सीधा संदेश है कि देश की जनता भी मान चुकी है कि संविधान खतरे में है। संविधान में प्रदत्त अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।
राजेश राम ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय को जिस तरीके से चुनौती देने का काम किया जा रहा है, जांच एजेंसियों का जिस तरह दुरुपयोग किया जा रहा है, इसका सीधा मतलब है कि संविधान के अधिकारों का पालन न करते हुए अपनी मनमर्जी की जा रही है। इसी के खिलाफ कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सभी लोग संविधान के संदेश को लेकर सामाजिक न्याय के रास्ते पर चलकर देश को संदेश दे रहे हैं कि देश संविधान से चलेगा।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia