बिहार में गजब हो गया! पुल, पुलिया और मोबाइल टावर के बाद अब रेलवे का हाईटेंशन तार भी चुरा ले गए चोर
बिहार के जहानाबाद में चोर रेलवे का 25 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार काट ले गए। इससे डाउनलाइन पर 3 घंटे तक ट्रेन संचालन बाधित रहा और कई ट्रेनें प्रभावित हुईं।

बिहार में पुल, पुलिया और मोबाइल टावर चोरी की घटनाओं के बाद अब रेलवे की हाईटेंशन लाइन भी चोरों के निशाने पर आ गई है। जहानाबाद में पटना-गया रेलखंड के मदारपुर रेलवे गुमटी के पास चोर करीब 35 मीटर लंबा 25 हजार वोल्ट का ओवरहेड हाईटेंशन तार काट ले गए। गुरुवार (9 जुलाई 2026) सुबह घटना का पता चलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। इस वारदात के कारण डाउनलाइन पर करीब तीन घंटे तक ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तार कटते ही फेल हुआ सिग्नल सिस्टम, कई ट्रेनें रास्ते में रुकीं
घटना जहानाबाद रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर हुई। चोरों ने ओएचई से जुड़ा लार्ज स्पिन वायर काट दिया, जिससे दानापुर रेल मंडल का सिग्नल सिस्टम और ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन प्रभावित हो गई। सिस्टम फेल होने की सूचना मिलते ही पूर्व मध्य रेलवे (ECR) की तकनीकी टीम और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंची।
मरम्मत कार्य के दौरान डाउनलाइन की विद्युत आपूर्ति बाधित रही, जिससे पलामू एक्सप्रेस, हटिया-पटना एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें अलग-अलग स्थानों पर खड़ी रहीं। कई घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त तार बदला गया और ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू कराया गया।
सुबह 3:30 बजे के बाद हुई चोरी
सीनियर तकनीशियन असुंधा राही ने बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे के बाद चोरों ने लार्ज स्पिन वायर काट दिया था। इसकी सूचना दानापुर रेल मंडल से मिलने के बाद तकनीकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि तार चोरी होने के कारण करीब तीन घंटे तक डाउनलाइन पर ट्रेन संचालन बाधित रहा, हालांकि अब स्थिति सामान्य है।
RPF ने बरामद किया कटा तार
घटना के बाद स्थानीय निवासी मुकेश गौतम ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया। वहीं आरपीएफ ने कटे हुए तार को घटनास्थल के पास एक गड्ढे से बरामद कर लिया है। अब रेलवे सुरक्षा बल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि इस चोरी में शामिल गिरोह की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
