बिहार: बेटे के छठियार की खुशी मातम में बदली, आर्केस्ट्रा में घुसी बस ने ली 5 लोगों की जान, पिता की भी मौत

बिहार के पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव में सड़क किनारे आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर जा घुसी। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि बनकटवा गांव निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर बेटे के जन्म के बाद छठियार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी मौके पर सड़क किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिवार के लोग मौजूद थे।

इसी दौरान गोरखपुर की ओर से बेतिया जा रही यात्री बस सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते बस आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

बस की चपेट में आने से बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम की मौत हो गई। हादसे में देवेंद्र दुबे की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया। बताया गया कि जिस बच्चे के जन्म की खुशी में छठियार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, वह देवेंद्र दुबे का ही बेटा था। बेटे के जन्म की खुशी में परिवार जश्न मना रहा था, लेकिन कुछ ही देर में वही खुशी मातम में बदल गई।

हादसे में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत कई लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बेतिया जीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर गुस्साए लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलने के बाद लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। नरकटियागंज SDPO जयप्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए