बिहारः लालू आवास पर इस साल नहीं दिखेगी कुर्ताफाड़ होली, RJD प्रमुख के जेल में होने से मायूसी, परिवार नहीं मनाएगा पर्व

लालू यादव के घर में होली की अलग रौनक रहती थी। उनकी कुर्ता फाड़ होली देश भर में मशहूर है। होली के दिन आरजेडी के नेता से लेकर कार्यकर्ता तक लालू आवास पहुंचते थे और रंगों में सराबोर हो जाते थे। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होता था।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बिहार में इस साल होली पर लालू यादव के आवास पर मशहूर 'कुर्ताफाड़' होली का नजारा नहीं दिखेगा। अपने खास अंदाज में होली मनाने के लिए चर्चित आरजेडी अध्यक्ष के जेल में होने के कारण परिवार और पार्टी में मायूसी है। यही कारण है कि परिवार ने कहा है कि इस साल परिवार होली नहीं मनाएगा।

इसकी जानकारी लालू प्रसाद की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान दी। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूरे बिहार को अपना परिवार बताया और सभी को शांति और भाईचारा के साथ होली मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी लोग रंगों का त्योहार शंति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं। पत्रकारों के एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि इस बार हम लोग होली नहीं मना रहे हैं।


राबड़ी देवी ने मीडिया से बात करते हुए बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि पांच किलोग्राम अनाज और पांच किलोग्राम गेहूं से पेट नहीं भरने वाला है। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगराी चरम पर है। उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश में युवाओं की उम्र निकल जा रही है।

दरअसल पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव इन दिनों चारा घोटाला के एक मामले में दोषी पाए जाने के बाद रांची की जेल में हैं। स्वास्थ्य कारणों से वे रांची के रिम्स में भर्ती हैं। माना जा रहा है कि लालू प्रसाद की अनुपस्थिति के कारण परिवार के लोगों ने यह फैसला लिया है। लालू प्रसाद के पुत्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव होली के पहले ही बुधवार को अपनी पत्नी के साथ दिल्ली जा चुके हैं।


गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव के घर में होली की अलग रौनक रहती थी। लालू आवास की कुर्ता फाड़ होली देश भर में मशहूर है। होली के मौके पर आरजेडी कार्यकर्ता से लेकर नेता तक लालू प्रसाद आवास पहुंचते थे और रंगों में सराबोर हो जाते थे। इस दिन लालू प्रसाद के आवास पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होता था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia