बिहार: सहरसा में सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे, लेकिन आग और धुएं का पता चलते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तुरंत ट्रेन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के करीब 3 बजे समस्तीपुर–सहरसा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के इंजन में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग इंजन से सटे कोचों तक फैल गई और तीन बोगियां इसकी चपेट में आ गईं।
ट्रेन से कूदकर बचाई यात्रियों ने जान
बताया जा रहा है कि ट्रेन जैसे ही सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पहुंची, इंजन से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया। घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे, लेकिन आग और धुएं का पता चलते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तुरंत ट्रेन से कूदकर अपनी जान बचाई।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद सुबह लगभग 6 बजे से सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रेल परिचालन फिर से सामान्य हो गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
