पटना: आरएलएसपी के जन आक्रोश मार्च पर बिहार पुलिस का लाठीचार्ज, घायल कुशावाहा बोले- नीतीश सरकार शिक्षा विरोधी

बिहार के पटना में शिक्षा व्यवस्था मुद्दे को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे आरएलएसपी के नेताओं-कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी हैं। इस घटना में आरएलएसपी नेता उपेंद्र कुशवाहा समेत कई लोगों को चोट पहुंची है।

फोटो: <a href="https://twitter.com/RLSPIndia">@<b>RLSPIndia</b></a>
फोटो: @RLSPIndia
user

नवजीवन डेस्क

बिहार में शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर आरएलएसपी नेता उपेन्द्र कुशवाहा ने अपने समर्थकों के साथ जन आक्रोश मार्च निकाला। इस मार्च के बाद आरएलएसपी प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने वाले थे। लेकिन पटना के डाकबंगला चौराहा के पास जैसे ही मार्च पहुंचा पुलिस और आरएलएसपी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस लाठीचार्ज में आरएलएसपी नेता उपेंद्र कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए। लाठीचार्ज में घायल उपेन्द्र कुशवाहा को हॉस्पिटल में ऐडमिट कराया गया है।

खबरों के मुताबिक, आरएलएसपीके कार्यकर्ता ने पूर्व मंत्री कुशवाहा के नेतृत्व में आक्रोश मार्च निकाला था। पुलिस का कहना है कि जेपी गोलंबर से शुरू इस मार्च के डाक बंगला चौराहे के पास पहुंचने पर पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता राजभवन की ओर जाने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने इसके बाद पानी की बौछारें की और कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। लेकिन आरएलएसपी कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। इसके पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ी।

उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश शासन को निरंकुश बताते हुए सुनियोजित साजिश के तहत लाठीचार्ज कराने का आरोप लगाया। उन्होंने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार शिक्षा विरोधी है और उसी कारण आरएलएसपी के आक्रोश मार्च के दौरान पुलिस से लाठियां चलवाई गईं। उन्होंने आगे कहा कि इसमें कई कार्यकर्ता और समर्थक जख्मी हुए हैं।

उन्होंने आगे कहा, “बहुत जल्द सत्ता का नशा चकनाचूर हो जाएगा। आखिर कितने उपेन्द्र कुशवाहाओं को लाठी से पिटवाओगे? आपकी चौपट शिक्षा और निरंकुश शासन के विरुद्ध लाखों उपेन्द्र कुशवाहा खड़े हो चुके हैं।”

बता दें कि हाल ही में एनडीए छोड़कर उपेंद्र कुशवाहा महागठबंधन में शामिल हुए हैं। उपेंद्र कुशवाहा ने मोदी सरकार पर बिहार के साथ धोखा करने का आरोप लगाया था।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia