बिहारः राहुल गांधी ने मखाना किसानों का जाना दर्द, बोले- वोट चोर सरकार को न इनकी कदर है, न फिकर
राहुल गांधी ने कहा कि वोट का अधिकार और हुनर का हक एक सिक्के के दो पहलू हैं- और इन दोनों को ही हम खोने नहीं देंगे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कटिहार में एक तालाब में उतरकर मखाना किसानों का दर्द जाना। किसानों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि बिहार दुनिया का 90% मखाना उगाता है, मगर दिन-रात धूप-पानी में मेहनत करने वाले किसान-मज़दूर मुनाफे का 1% भी नहीं कमाते हैं। आज, इन किसानों से उनके खेतों में मिलकर उनकी आपबीती जानी।
उन्होंने आगे कहा कि बड़े शहरों में मखाना 1000-2000 रुपए किलो बिकता है, मगर इन मेहनतकशों, पूरे उद्योग की नींव को, नाम मात्र का दाम मिलता है। कौन हैं ये किसान-मज़दूर? अतिपिछड़े, दलित - बहुजन। पूरी मेहनत इन 99% बहुजनों की और फ़ायदा सिर्फ़ 1% बिचौलियों का। वोट चोर सरकार को न इनकी कदर है, न फिकर- न आय दिया, और न ही न्याय। वोट का अधिकार और हुनर का हक़ एक सिक्के के दो पहलू हैं- और इन दोनों को ही हम खोने नहीं देंगे।
वहीं कांग्रेस ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान आज कटिहर पहुंचे नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मखाना किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मखाना किसान दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें सही मुनाफा नहीं मिलता। ये अन्याय है- जो इनके साथ वर्षों से हो रहा है और 'वोट चोर सरकार' को इनकी कोई फिक्र नहीं है।
राहुल गांधी बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान लगातार लोगों से मिल रहे हैं। इस कड़ी में आज यह यात्रा जब कटिहार के कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र में पहुंची, तब वे स्थानीय मखाना किसानों से मिले। इस दौरान वे किसानों के साथ तालाब में भी उतरे और मखाना निकाला। इस क्रम में उन्होंने किसानों से मखाना के तैयार होने की पूरी प्रक्रिया की भी जानकारी ली। राहुल गांधी ने किसानों की समस्याओं को भी जाना। इस क्रम में उनके साथ बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम भी थे।
राहुल गांधी की बिहार में गहन मतदाता पुनरीक्षण के खिलाफ वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त को बिहार के सासाराम से शुरू हुई है। इस यात्रा में इंडिया ब्लॉक में शामिल आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव समेत घटक दलों के सभी नेता शामिल हैं। यात्रा के तीसरे चरण में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। वे दो दिन 26 और 27 अगस्त को इस यात्रा से जुड़ेंगी। इसके अलावा तीसरे चरण में यूपी के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी शामिल होंगे। 16 दिन की यह यात्रा लगभग 20 जिलों से होकर गुजरेगी और 1,300 किलोमीटर का सफर पूरा करेगी। एक सितंबर को पटना में बड़ी रैली के साथ यात्रा का समापन होगा।
इसे भी पढ़ेंः वोटर अधिकार यात्रा: मखाना किसानों के साथ तालाब में उतरे राहुल गांधी, जानी उनकी समस्याएं
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia