बिहार: राजेश राम ने BJP और JDU को घेरा, कहा- बीजेपी ने नीतीश कुमार को किया ‘डिजिटल अरेस्ट’

राजेश राम ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी ने अब नीतीश कुमार को 'डिजिटल अरेस्ट' कर लिया है। बीजेपी लगातार पर्दे के पीछे से नीतीश कुमार को हटाने की साजिश रच रही थी

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर से कांग्रेस को कोई आश्चर्य नहीं हुआ, क्योंकि यह पहले से ही तय था। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की मौजूदा सरकार “वोट चोरी” की बदौलत बनी है और बीजेपी लगातार पर्दे के पीछे से नीतीश कुमार को हटाने की साजिश रच रही थी।

राजेश राम ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी ने अब नीतीश कुमार को “डिजिटल अरेस्ट” कर लिया है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जो नीतीश कुमार हमेशा समाजवादी विचारधारा की लड़ाई लड़ते रहे, आज वही उस लड़ाई को बीजेपी के हवाले कर चुके हैं और उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एजेंडे पर समझौता कर लिया है।


राजेश राम ने सवाल किया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि नीतीश कुमार अपने ही कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के आंसुओं से भी नहीं पिघल रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी की राजनीति सहयोगी दलों को कमजोर करने और खत्म करने की रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बीजेपी ने शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे को साथ लेकर बाद में मूल शिवसेना को कमजोर किया, उसी तरह शिरोमणि अकाली दल को भी कमजोर किया गया।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता शरद पवार की पार्टी को तोड़ने का काम किया और नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजद) समेत कई क्षेत्रीय दलों को धीरे-धीरे समाप्त करने की रणनीति अपनाई है।


राजेश राम ने कहा कि बीजेपी का इतिहास रहा है कि वह अपने सहयोगियों को पहले साथ लेकर चलती है और बाद में उन्हें खत्म कर देती है। उन्होंने कहा कि बिहार में बीजेपी और जनता दल (यूनाइटेड) का गठबंधन पूरी तरह से बेमेल है, और यह जनता के हितों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी की यही रणनीति अब अन्य सहयोगी दलों के साथ भी अपनाई जा रही है और आने वाले समय में इसका अगला निशाना आंध्र प्रदेश के नेता चंद्रबाबू नायडू हो सकते हैं।