बिहार: भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव में RJD की बड़ी जीत, JDU के साथ BJP को भी बड़ा झटका
शक्ति सिंह यादव ने कहा कि जब भी बैलेट से चुनाव होगा, लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी, क्योंकि तंत्र-मंत्र और मशीनरी मैनेजमेंट के सहारे जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करना चाहते हैं, उन्हें समझ में आ जाना चाहिए कि जिसके साथ जनता होती है, जीत उसी की होती है।

बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद गुरुवार को आरजेडी के लिए एक अच्छी खबर मिली है। विधान परिषद के भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में आरजेडी के सोनू कुमार राय ने शानदार जीत हासिल की है। इस उपचुनाव में आरजेडी के सोनू राय ने जेडीयू के कन्हैया प्रसाद को हराया। इस उपचुनाव में निर्णायक बढ़त के बाद से ही कार्यकर्ताओं ने मतगणना स्थल के बाहर जश्न मनाना शुरू कर दिया। पटना प्रदेश कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने जीत को लेकर खुशियां मनाईं।
एमएलसी राधा चरण सेठ की बिहार विधानसभा चुनाव जीत पर उन्होंने भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार सीट से त्याग पत्र दे दिया था। तभी से यह सीट रिक्त थी, जिसके लिए उपचुनाव हुआ। इस विधान परिषद उपचुनाव में कुल छह उम्मीदवार चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे थे। एनडीए की ओर से नीतीश कुमार की पार्टी से कन्हैया प्रसाद चुनावी मैदान में थे, जबकि महागठबंधन से आरजेडी के सोनू कुमार राय चुनावी अखाड़े में थे। 12 मई को इस उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था।
आरजेडी की इस जीत को एनडीए के लिए एक झटका माना जा रहा है। इधर, आरजेडी प्रदेश कार्यालय में भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार विधान परिषद के उपचुनाव में सोनू कुमार राय की जीत पर पार्टी नेताओं ने एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर जीत की खुशियां मनाई और भोजपुर और बक्सर के पंचायत प्रतिनिधियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लोगों को बधाई दी है। इस अवसर पर आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि यह जीत लोकतंत्र पर जन प्रतिनिधियों के विश्वास और तेजस्वी यादव के प्रति पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के विश्वास की जीत है।
प्रदेश आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि जब भी बैलेट से चुनाव होगा, लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी, क्योंकि तंत्र-मंत्र और मशीनरी मैनेजमेंट के सहारे जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करना चाहते हैं, उन्हें स्पष्ट रूप से यह बात समझ में आ जानी चाहिए कि जिसके साथ जनता होती है, जीत उसी की होती है। सभी को पता है कि विधानसभा चुनाव में भी राष्ट्रीय जनता दल को 143 सीटों पर बैलेट पेपर से बढ़त मिली थी और बाद में एनडीए ने किस तरह से मशीनरी और तंत्र-मंत्र के सहारे चुनाव जीता, यह सभी को पता है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
