बिहार: तेजस्वी यादव का पीएम मोदी पर तंज, बाढ़ के समय आना चाहिए था, अब बिहार आ रहे हैं प्रधानमंत्री
तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री अब बिहार आ रहे हैं, लेकिन हमने उन्हें राज्य में बाढ़ के दौरान ही आने का न्योता दिया था। उन्हें उसी समय आना चाहिए था। हकीकत यह है कि डबल इंजन की सरकार में राज्य का खजाना खाली है और अपराधी अपनी मनमानी कर रहे हैं।’’

आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी बिहार दौरे पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि उन्हें अभी नहीं, बल्कि राज्य में हाल में आई बाढ़ के दौरान बिहार आना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए के शासन में राज्य का खजाना खाली हो गया है और अपराधियों का बोलबाला है।
तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री अब बिहार आ रहे हैं, लेकिन हमने उन्हें राज्य में बाढ़ के दौरान ही आने का न्योता दिया था। उन्हें उसी समय आना चाहिए था। हकीकत यह है कि डबल इंजन की सरकार में राज्य का खजाना खाली है और अपराधी अपनी मनमानी कर रहे हैं।’’
राजद कार्यकारी अध्यक्ष अपनी जन्मदिन समारोह के अवसर पर यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केक काटा और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गोलीबारी, महिलाओं पर अत्याचार और अपराध की अन्य घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जबकि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और महंगाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी किसी से छिपी नहीं है।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने लोकतंत्र को कमजोर करने या भारतीय संविधान के साथ छेड़छाड़ करने की किसी भी कोशिश का विरोध करने का संकल्प जताया।
यादव ने कहा,‘‘कुछ ताकतें लोकतंत्र को कुचलना और संविधान में बदलाव करना चाहती हैं। हम उन्हें सबक सिखाएंगे। जरूरत पड़ी तो सड़कों पर उतरेंगे। हमारा सपना बिहार को बेरोजगारी, गरीबी, महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध से मुक्त एक विकसित राज्य बनाना है।’’
यादव ने सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि उनके पिता और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने इन विचारों को आगे बढ़ाया है।
महात्मा गांधी के पोते तुषार गांधी की इस टिप्पणी कि ''विद्रोह और क्रांति अब देशभक्तों का कर्तव्य बन गया है'', तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लोग निश्चित रूप से सड़कों पर उतरेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘किसी को भी देश के लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए। यदि कोई लोकतंत्र और संविधान को बदलने या नष्ट करने की कोशिश करेगा तो हम ऐसा नहीं होने देंगे। अगर लड़ाई की नौबत आई तो हम पूरी मजबूती से लड़ेंगे।’’
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
