बिहार: राजधानी पटना में थाने के बाहर नीतीश की ‘पुलिस’ छलका रही थी जाम, शराब पार्टी करते दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

पाटलिपुत्र पुलिस स्टेशन के एसएचओ कामेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि जांच के दौरान यह पाया गया कि पकड़े गए पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे। उन्होंने कहा कि पकड़े जाने के बाद पुलिसकर्मी अलग-अलग तरह के आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी।

फोटो: सोशल मीडिया
i

बिहार की बीजेपी-जेडीयू सरकार शराबबंदी के फायदे को लेकर बड़े-बड़े दावे करती रही है। सीएम नीतीश कुमार ने राज्य में जब से शराबबंदी की है, तब से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से शराब तस्करी की खबरें आती रही हैं, लेकिन नीतीश सरकार इससे इनकार करती रही है। अब ‘सुशासन बाबू’ की पुलिस ने ही शराबबंदी कानून कि धजिज्यां उड़ाई हैं। प्रदेश के सुदूर इलाका तो दूर राजधानी पटना में पुलिस ने सरेआम शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाई हैं।

राजधानी पटना में पाटलिपुत्र थाने के पीछे शराब पार्टी करते दो पुलिसकर्मियों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि थाने के पीछे ही खटाल में शराब पार्टी चल रही थी, जिसमें कई पुलिसकर्मी भी शामिल थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस के आला अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं। पकड़े जाने के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों ने कहा कि हमें फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर के ड्राइवर ने हमसे 2 लाख रुपये की मांग की थी। आरोपी पुलिसकर्मियोंने कहा कि जब हमने दो लाख रुपये नहीं दिए तो हमें इस केस में फंसा दिया गया।


पाटलिपुत्र पुलिस स्टेशन के एसएचओ कामेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि जांच के दौरान यह पाया गया कि पकड़े गए पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे। उन्होंने कहा कि पकड़े जाने के बाद पुलिसकर्मी अलग-अलग तरह के आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 09 Feb 2020, 12:16 PM