बिहार: पप्पू यादव के काफिले की गाड़ी हादसे का शिकार, एस्कॉर्ट की गाड़ी गड्ढे में गिरी, 5 लोग हुए घायल

पप्पू यादव पूर्णिया से सालमारी में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य मार्ग पर कुम्हरी के पास निर्माणाधीन पुल के नजदीक काफिले की सबसे आगे चल रही पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई।

पप्पू यादव के काफिले की गाड़ी हादसे का शिकार
i

बिहार के कटिहार जिले में रविवार देर रात पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। कटिहार से सालमारी जाते समय काफिले में शामिल पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जबकि सांसद पप्पू यादव सुरक्षित हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

पप्पू यादव सालमारी में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे

जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव पूर्णिया से सालमारी में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य मार्ग पर कुम्हरी के पास निर्माणाधीन पुल के नजदीक काफिले की सबसे आगे चल रही पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक वाहन को संभाल नहीं सका और गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी मौजूद थे, जिनमें से पांच लोगों को चोटें आईं।

घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों में किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना किस वजह से हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। निर्माणाधीन पुल के पास सड़क की खराब स्थिति या किसी अन्य कारण से वाहन अनियंत्रित हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

लोगों ने PWD के खिलाफ नाराजगी जताई

हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) और ठेकेदार कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि निर्माणाधीन पुल के पास न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही वाहन चालकों के लिए उचित डायवर्जन की व्यवस्था की गई थी। सड़क पर सुरक्षा संकेतक और अवरोधक भी मौजूद नहीं थे। लोगों के मुताबिक, पुल के आगे गहरी खाई होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसकी वजह से हादसे का खतरा बना हुआ था।