बिहार में बिगड़ा मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, दो दिन रहें सावधान!
बिहार में 7 अप्रैल से मौसम बदल गया है। 8-9 अप्रैल को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाएं चलने और तापमान में गिरावट की भी चेतावनी दी गई है।

बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 7 अप्रैल (मंगलवार) को राज्य के सभी जिलों के लिए हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। साथ ही 8 और 9 अप्रैल को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर बड़ा अलर्ट दिया गया है। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूरे राज्य में मौसम ज्यादा खराब रहने वाला है।
क्यों बिगड़ रहा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र पटना की विशेष प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के संयुक्त प्रभाव से राज्य में अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसके साथ ही एक सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण वायुमंडल में अस्थिरता बढ़ गई है।
अगले 3-4 दिनों तक ज्यादातर जिलों में क्या होगा?
गरज के साथ बारिश
वज्रपात
50-60 किमी/घंटा की तेज हवाएं
और कहीं-कहीं ओलावृष्टि संभावना
8-9 अप्रैल को ज्यादा असर, किसानों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 अप्रैल को मौसम की तीव्रता और बढ़ेगी। खासकर उत्तर बिहार के जिलों में ओलावृष्टि की संभावना अधिक है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और किसानों को पकी फसलों व खेतों में रखी उपज को सुरक्षित भंडारण करने की सलाह दी है।
तापमान में गिरावट, कई जिलों में बारिश दर्ज
पिछले दो दिनों से राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं दर्ज की जा रही हैं, जबकि अधिकांश जिलों में अब भी दिन में कड़ी धूप बनी हुई है। हालांकि 6 अप्रैल (सोमवार) से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
सोमवार को गया में 4.2 से 12 मिमी तक बारिश हुई, जबकि औरंगाबाद में 4.2 से 8.02 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। नवादा (6.2 मिमी), नालंदा (6 मिमी) और जमुई (4.4 मिमी) में भी हल्की बारिश हुई। इसके अलावा मुंगेर, बांका और शेखपुरा में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई।
राज्य का अधिकतम तापमान 35.8°C भभुआ में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 31.01°C किशनगंज में रहा। अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 32-33°C के बीच रिकॉर्ड किया गया।
पटना का मौसम
राजधानी पटना में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को भी आंशिक बादल और एक-दो जगह हल्की बारिश की संभावना है।
पटना का अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री गिरकर 34.4°C दर्ज किया गया।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia