AI समिट में शामिल नहीं होंगे बिल गेट्स, उनका मुख्य भाषण रद्द, एपस्टीन विवाद के बीच बदला कार्यक्रम

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में बिल गेट्स अपना मुख्य भाषण नहीं देंगे। गेट्स फाउंडेशन ने कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी दी है। जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों पर चर्चा के बीच यह फैसला लिया गया।

फोटोः PTI
i
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली में चल रहे ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ में बिल गेट्स हिस्सा नहीं लेंगे। माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स अब इस वैश्विक मंच पर अपना निर्धारित मुख्य भाषण रद्द कर दिया गया है। गेट्स फाउंडेशन ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है।

क्यों बदला गया कार्यक्रम?

गेट्स फाउंडेशन ने कहा कि यह फैसला काफी सोच-विचार के बाद लिया गया है, ताकि समिट का पूरा फोकस उसकी प्राथमिकताओं और उद्देश्यों पर बना रहे। फाउंडेशन के अनुसार, बिल गेट्स की जगह अब अंकुर वोरा संगठन का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंकुर वोरा गेट्स फाउंडेशन के अफ्रीका और भारत कार्यालयों के प्रेसिडेंट हैं और लंबे समय से फाउंडेशन के कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। वे समिट के एक सत्र में अपनी बात रखेंगे।


एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों के बाद बढ़ी चर्चा

बिल गेट्स के समिट से हटने को अमेरिकी अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े हालिया सार्वजनिक दस्तावेजों से जोड़कर देखा जा रहा है। एपस्टीन पर यौन अपराधों और नाबालिगों की तस्करी के गंभीर आरोप थे। 2019 में उसकी आत्महत्या के बाद उससे संबंधित कई क्लासीफाइड फाइलें सार्वजनिक की गईं।

इन दस्तावेजों में दावा किया गया है कि एपस्टीन और गेट्स के बीच संबंध थे। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि एपस्टीन ने गेट्स के निजी जीवन से जुड़े मामलों में भूमिका निभाई थी। हालांकि, बिल गेट्स पहले एक इंटरव्यू में इन मुलाकातों पर अफसोस जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि एपस्टीन के साथ बिताया गया समय उनके लिए पछतावे का विषय है और इसके लिए वे माफी मांगते हैं।

एनवीडिया CEO ने भी रद्द किया दौरा

समिट से जुड़ी एक और बड़ी खबर यह है कि एनवीडिया के CEO जेंसेन हुआंग ने भी भारत का अपना निर्धारित दौरा रद्द कर दिया है। वे इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन कंपनी ने कोई आधिकारिक कारण साझा नहीं किया। कुछ अटकलें लगाई जा रही थीं कि उनका फैसला बिल गेट्स की मौजूदगी से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस बीच गूगल के CEO सुंदर पिचई और ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन जैसे टेक दिग्गज समिट में भाग ले रहे हैं।


16 फरवरी को हुआ था समिट का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम 20 फरवरी तक चलेगा।

समिट के साथ ‘इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का भी आयोजन किया गया है, जहां दुनियाभर की कंपनियां अपने नवीनतम AI समाधान प्रदर्शित कर रही हैं। यहां आम लोग भी देख सकते हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वास्तविक जीवन में कैसे काम करता है और खेती, स्वास्थ्य तथा शिक्षा जैसे क्षेत्रों में क्या बदलाव ला सकता है।

समिट की थीम और उद्देश्य

इस वर्ष समिट की थीम राष्ट्रीय विजन ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ पर आधारित है। इसका लक्ष्य मानवता के हित में AI के वैश्विक सिद्धांत को बढ़ावा देना है।

समिट में 110 से अधिक देश और 30 अंतरराष्ट्रीय संगठन हिस्सा ले रहे हैं। लगभग 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 45 से ज्यादा मंत्री इस आयोजन में शामिल हुए हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia