मनमोहन के जन्मदिन पर सोनिया की बधाई, कहा- मौजूदा शासक उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं, कई और दिग्गजों ने भी दी बधाई

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। इस मौके पर सोनिया ने कहा कि वर्तमान समय के शासक उनके ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं। वहीं पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेताओं ने बधाई दी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय के शासक उनके ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं।

सोनिया गांधी ने अपने बयान में कहा, “हम राष्ट्र निर्माण, समावेशी विकास और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने में मनमोहन सिंह के शानदार योगदान को याद करते हैं। उनके बेहतरीन नेतृत्व ने यह सुनिश्चित किया कि मुश्किल समय में भी भारत प्रतिबद्धित विकास की तरफ बढ़े। मौजूदा समय के शासक उनके नैसर्गिक ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं।”

राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनके जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “उनके जन्मदिन पर आइए हम डॉ मनमोहन सिंह जी की निस्वार्थ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करें। उनके जन्मदिन पर उन्हें मेरी शुभकामनाएं। मैं आने वाले वर्षों में उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशी के लिए प्रार्थना करता हूं।”

वहीं पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि सिर्फ मनमोहन सिंह ही इस समय देश को आर्थिक मंदी से बाहर निकालने का रास्ता दिखा सकते हैं इसलिए सरकार को उनकी बातों को सुनना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिह को उनके जन्मदिन के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं और उनके दीर्घायु होने की कामना की है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।”


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट किया, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन पर बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करता हूं।”

बता दें कि राज्यसभा के सदस्य और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गुरुवार को 87 साल के हो गए। अर्थशास्त्री और राजनीतिज्ञ मनमोहन सिंह, साल 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रह चुके हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 26 Sep 2019, 2:49 PM