पंजाब में नशे के मुद्दे पर बीजेपी और आप बेनकाब हुए, राज्य के लोगों को कांग्रेस से उम्मीदेंः सचिन पायलट

पायलट ने दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में बीजेपी की 12 साल से सरकार है और सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय की है। जब मादक पदार्थ पाकिस्तान से भारत लाए जा रहे थे तब केंद्र सरकार 12 वर्षों तक क्या कर रही थी?

पंजाब में नशे के मुद्दे पर बीजेपी और आप बेनकाब हुए, राज्य के लोगों को कांग्रेस से उम्मीदेंः सचिन पायलट
i

कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने पंजाब में नशे के मुद्दे पर सोमवार को बीजेपी और आप पर निशाना साधा और कहा कि दोनों दल पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं। पायलट ने कहा कि पंजाब के लोग अब बेहतर जीवन की उम्मीद के साथ कांग्रेस की ओर देख रहे हैं और पार्टी को राज्य के हालात सुधारने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में नशीले पदार्थों से जुड़े धन का प्रवाह असामाजिक तत्वों तक पहुंच गया है और इसका असर जबरन वसूली, अवैध हथियारों, गोलीबारी, बंदूक संस्कृति और भीड़ की हिंसा के रूप में सामने आ रहा है।

संगरूर में एक व्यक्ति ने किया आत्महत्या का प्रयास

उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की, जब पंजाब के संगरूर जिले में एक व्यक्ति ने अपने गांव में मादक पदार्थों की आपूर्ति का वीडियो साझा करने के बाद स्थानीय सरपंच द्वारा धमकी दिए जाने का आरोप लगाया और जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। संगरूर के नमोल गांव के रहने वाले जगसीर सिंह उर्फ जग्गा का दावा है कि उसने पुलिस से संपर्क किया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने रविवार को कथित रूप से आत्महत्या की कोशिश की जिसके बाद उसका पटियाला के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।


बीजेपी पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप

पायलट ने कहा, ‘‘नशे का संकट पंजाब के भविष्य के लिए खतरा बन गया है। जबरन वसूली के गिरोह, अवैध हथियार, गोलीबारी, बंदूक संस्कृति और हिंसा... यह सब नशे के पैसे के असामाजिक तत्वों तक पहुंचने का परिणाम है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे तंत्र को नियंत्रित करने वाले लोगों को ‘‘सरकार चलाने वालों का आशीर्वाद’’ प्राप्त है।

पायलट ने बीजेपी पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में पार्टी की 12 वर्षों से सरकार है और भारत-पाकिस्तान सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी रक्षा मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय की है। उन्होंने सवाल किया कि जब मादक पदार्थ पाकिस्तान से भारत लाए जा रहे थे तब केंद्र सरकार 12 वर्षों तक क्या कर रही थी?

पंजाब की आप सरकार की कारगुजारी चिंताजनक

पायलट ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सीमा से लेकर राज्य के गांवों तक मादक पदार्थों की उपलब्धता चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, ‘‘सीमा से लेकर हर गांव के कोने-कोने तक अब यह (मादक पदार्थ) आपूर्ति के लिए आसानी से उपलब्ध है।’’ पायलट ने कहा कि पंजाब में इस तरह की संस्कृति के खिलाफ लड़ने की जरूरत है और दावा किया कि इस मामले में बीजेपी और आप दोनों की भूमिका पर सवाल उठते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों का कृषि, हरित क्रांति, श्वेत क्रांति और आतंकवाद से मुकाबला सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफलता का रिकॉर्ड रहा है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पंजाब के लोग अब बेहतर जीवन की उम्मीद के साथ कांग्रेस की ओर देख रहे हैं और पार्टी को राज्य के हालात सुधारने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए