बीजेपी ने अमित शाह को बनाया पश्चिम बंगाल का केंद्रीय पर्यवेक्षक, जेपी नड्डा को असम का जिम्मा सौंपा
बीजेपी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पश्चिम बंगाल में केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसी तरह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पार्टी का केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

पश्चिम बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को मिली प्रचंड जीत के बाद अब प्रदेश में नई सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में बीजेपी ने पार्टी का विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को राज्य का केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके अलावा बीजेपी ने असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
इसकी जानकारी बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी गई है। इसमें बताया गया है कि बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। अमित शाह और ओडिशा के सीएम माझी मिलकर राज्य में विधायक दल की बैठक और नेतृत्व चयन की प्रक्रिया को पूरा कराएंगे।
इसके साथ ही बीजेपी ने असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पार्टी का केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए बीजेपी पहली बार सरकार बनाने जा रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, बंगाल में बीजेपी को 207 सीटें मिली है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को 80 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस को दो, सीपीआई (एम) को एक सीट मिली है।
वहीं असम में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जीत की हैट्रिक लगाई है। एनडीए ने 126 विधानसभा सीटों में 102 सीटों पर जीत दर्ज की है। बीजेपी ने 82 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीट पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस पार्टी को 19 सीटों पर जीत मिली है।
