'BJP ने हिंदुओं को धोखा दिया', कांग्रेस ने पूछा- राम मंदिर मामले पर PM मोदी खामोश क्यों हैं?

शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अयोध्या के राम मंदिर को मिले चंदे में कथित गबन का मुद्दा उठाते हुए ‘हिंदुत्व’ को लेकर बीजेपी पर शनिवार को निशाना साधा और उस पर हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया।

फोटोः सोशल मीडिया
i

कांग्रेस ने अयोध्या स्थित राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर शनिवार को कहा कि इस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब तक खामोश क्यों हैं।

पार्टी प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल भंग करने के साथ उच्चतम न्यायालय के किसी मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में जांच हो और जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आगे बढ़कर निष्पक्ष जांच करानी चाहिए ताकि लोगों की आस्था बनी रहे।

सिंह का कहना था, "राम मंदिर के ट्रस्ट ने वित्तीय जांच-पड़ताल के लिए एजेंसियों को नियुक्त किया था। उन एजेंसियों ने कई सुझाव दिए, लेकिन ट्रस्ट के लोगों ने उन सुझावों को नजरअंदाज कर दिया। जब चोरी की घटनाओं का खुलासा होने लगा। मंदिर के कैश काउंटिंग एजेंट महिपाल सिंह ने कई बातें सार्वजनिक कीं तो उन्हें पद से हटा दिया गया।"

उन्होंने दावा किया कि जब और खुलासे होने लगे, तो सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए और कैमरों की रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई।

सिंह ने कहा, "इस मामले में एसआईटी की रिपोर्ट के बाद कुछ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई, लेकिन इसमें सिर्फ छोटे कर्मचारियों का नाम ही शामिल था।"

उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि इतने बड़े मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी खामोश क्यों हैं?


उद्धव का ‘बीजेपी-मुक्त राम’ आंदोलन का ऐलान 

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अयोध्या के राम मंदिर को मिले चंदे में कथित गबन का मुद्दा उठाते हुए ‘हिंदुत्व’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर शनिवार को निशाना साधा और उस पर हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया।

ठाकरे ने ‘बीजेपी-मुक्त राम’ के लिए आंदोलन का नेतृत्व करने का भी संकल्प लिया।

उन्होंने शिवसेना में शामिल हो चुके पार्टी के बागी सांसद संजय देशमुख के यवतमाल-वाशिम निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी पर वास्तविक मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक दलों को तोड़ने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘असली हिंदुत्व मानवता की शिक्षा देता है। हम मंदिरों को लूटने वाले आपके (बीजेपी के) हिंदुत्व को खारिज करते हैं। हम ‘बीजेपी-मुक्त राम’ चाहते हैं और शिवसेना (यूबीटी) ऐसे आंदोलनों का नेतृत्व करेगी।’’

अगर पीएम मोदी रामभक्त है तो अनियमितताओं पर जवाब दें: कांग्रेस सांसद मनोज कुमार

कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने राम मंदिर चढ़ावा मामले पर सरकार और संबंधित संस्थाओं पर तीखे सवाल उठाए। उनके बयानों में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा द्वारा इस्तीफा देने से कुछ नहीं होने वाला है। ये इस्तीफा देकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जा रही है। इस कथित गड़बड़ी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कुछ लोग इस्तीफा देकर मुद्दा को भटकाने की कोशिश कर रहे है, लेकिन इससे कुछ नहीं होगा।

राम मंदिर चढ़ावा को लेकर भी उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने प्रधानमंत्री से सीधे सवाल करते हुए कहा कि यदि वे भगवान राम के भक्त हैं तो मंदिर से जुड़े मामलों में कथित अनियमितताओं पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक भावनाओं के नाम पर जनता को गुमराह किया गया है और इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए