उत्तर प्रदेश के गोंडा में अश्लील वीडियो मामले में पार्टी से निकाले गए BJP जिलाध्यक्ष
बीजेपी के प्रदेश महासचिव गोविंद नारायण शुक्ला ने बुधवार को इस सम्बंध में पत्र जारी किया। इससे पहले उन्हें पार्टी द्वारा नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण तलब किया गया था और पार्टी ने उनके स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं माना।

उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने गोंडा के अपने जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उनके खिलाफ यह कार्रवाई एक वीडियो सामने आने के बाद की गई है, जिसमें वह एक महिला के साथ कथित रूप से अश्लील हरकत करते देखे गए थे।
बीजेपी के प्रदेश महासचिव गोविंद नारायण शुक्ला ने बुधवार को इस सम्बंध में पत्र जारी किया। इससे पहले उन्हें पार्टी द्वारा नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण तलब किया गया था और पार्टी ने उनके स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं माना।
शुक्ला द्वारा आज जारी पत्र में कहा गया है, ''आपके द्वारा उपलब्ध कराया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं है। आपका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है। अतः सम्यक विचारोपरांत प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है।''
पिछले महीने के अंतिम हफ्ते में कश्यप का अश्लील हरकत करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह पार्टी कार्यालय में एक महिला कार्यकर्ता के साथ कथित रूप से अश्लील हरकत करते दिखाई दे रहे थे। यह वीडियो 12 अप्रैल 2025 का बताया गया है।
बाद में वीडियो में दिख रही महिला कार्यकर्ता भी सामने आई और उसने छपिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराए गए मुदकमे में महिला ने दावा किया था कि वीडियो को तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया है। उसने वायरल वीडियो को ‘राजनीतिक साजिश’ करार देते हुए कहा था कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से उसकी और कश्यप की छवि धूमिल करना चाहते हैं।
महिला ने स्पष्ट किया था कि कश्यप उसके लिए बड़े भाई जैसे हैं और उनके बीच कोई अनुचित रिश्ता नहीं है। दर्ज मुकदमे की विवेचना मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक (अपराध) कर रहे हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia