बीजेपी के ‘फायर ब्रांड’ नेता गिरिराज सिंह ने संन्यास का किया ऐलान, जानें राजनीति को कब कहेंगे अलविदा

बीजेपी के ‘फायर ब्रांड’ नेता माने जाने वाले गिरिराज सिंह ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण उनके जीवन का एक सपना है। इस सपने के पूरा हो जाने के बाद वह राजनीति को प्रणाम कह देंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
i

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान किया है। उन्होंने मंगलवार को कहा, “उनकी राजनीतिक पारी अब समाप्त होने वाली है। वे राजनीति में जो करना चाहते थे, वह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा कर दिया है।”

अपने बयानों के कारण चर्चा में रहने वाले गिरिराज सिंह ने मुजफ्फरपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, “ पीएम मोदी की दूसरी पारी मेरे राजनीतिक जीवन की भी अंतिम पारी है। मैं राजनीति में मंत्री-विधायक बनने नहीं, कुछ मकसद और सपनों के साथ आया था।” गिरिराज ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण उनके जीवन का एक सपना है। इस सपने के पूरा हो जाने के बाद वह राजनीति को प्रणाम कह देंगे।


बीजेपी के 'फायर ब्रांड' नेता माने जाने वाले गिरिराज सिंह ने आगे कहा, “जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाना मेरा मकसद था। मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के आरंभ में ही धारा 370 और 35ए को हटाकर इस मकसद को पूरा कर दिया है।”

गिरिराज सिंह ने कहा, “जनसंख्या नियंत्रण के लिए भी पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से घोषणा कर दी है।” उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन 5 सालों में हम सभी कार्यकर्ताओं की उम्मीदें पूरी हो जाएंगी। इसके बाद राजनीति करने का मेरा क्या उद्देश्य होगा?”

इसे भी पढ़ें: RBI ने इस बैंक पर लगाई पाबंदी, खाते से 1 हजार रुपये से ज्यादा नहीं निकाल पाएंगे ग्राहक, ये आपका बैंक तो नहीं?

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 24 Sep 2019, 3:55 PM