बीजेपी सरकार ने AI समिट को ‘चाइना बाजार’ में तब्दील कर दिया: कांग्रेस
पवन खेड़ा ने कहा कि अश्विनी वैष्णव ने साबित कर दिया है कि भारत में एआई का मतलब है ‘‘अश्विनी इन्कॉम्पिटें’’।’’ उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने एआई समिट को सस्ते चाइना बाजार में तब्दील कर दिया।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ 2026 में गलगोटिया विश्वविद्यालय द्वारा चीन में निर्मित ‘रोबोट’ को प्रदर्शित किए जाने का हवाला देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को ‘चाइना बाजार’ में तब्दील कर दिया गया है। खेड़ा ने कहा, ‘‘अश्विनी वैष्णव ने साबित कर दिया है कि भारत में एआई का मतलब है ‘‘अश्विनी इन्कॉम्पिटें’’। इसे AI समिट होना था - इनोवेशन और आइडिया के लेन-देन का एक प्लेटफॉर्म। बीजेपी ने इसे सस्ते चाइना बाज़ार में बदल दिया।’’
कांग्रेस ने भी एआई समिट में हुए विवादों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "मोदी सरकार ने देश की छवि को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है, उन्होंने एआई को मजाक बनाकर रख दिया है। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें हम अपनी डेटा शक्ति को देखते हुए विश्व के अगुवा बन सकते हैं।’’
इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस विवाद को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "भारत की प्रतिभा और डेटा का उपयोग करने के बजाय, एआई शिखर सम्मेलन अव्यवस्थित तरीके से पीआर का तमाशा बन गया है। भारतीय डेटा बिक्री के लिए उपलब्ध है और चीनी उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।’’
दरअसल एक दिन पहले गलगोटिया विश्वविद्यालय ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ 2026 में 350 करोड़ रुपये की एआई परियोजनाओं और एक ‘रोबोटिक कुत्ते’ का प्रदर्शन किया। लेकिन ‘ओरायन’ नाम का यह रोबोट चीन निर्मित पाया गया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया, जिससे यूनिवर्सिटी पर सवाल उठने के साथ ही सरकार की भी भारी किरकिरी हुई।
इसे भी पढ़ेंः गलगोटिया यूनिवर्सिटी को AI समिट से किया गया बाहर, मोदी सरकार ने किरकिरी के बाद खाली कराया स्टॉल
विवाद के बीच गलगोटिया विश्वविद्यालय को अपना स्टॉल तुरंत खाली करने के लिए कह दिया गया है। इसमें प्रदर्शित प्रौद्योगिकी के सृजन और स्वामित्व पर सवाल उठ रहे हैं। विश्वविद्यालय से तुरंत प्रदर्शनी स्थल खाली भी करा लिया गया। बुधवार को समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के स्टॉल की बिजली और अन्य सुविधाएं बंद कर दी गईं और उन्हें जगह छोड़ने के लिए कहा गया।
इसे भी पढ़ेंः AI समिट: 'रोबोट डॉग विवाद से पूरी दुनिया में भारत का मजाक बना', कांग्रेस बोली- सरकार ने देश की छवि को नुकसान पहुंचाया
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia