राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रोक नहीं सकेगी बीजेपी सरकार, प्रयागराज में होकर रहेगा: कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं राजेंद्र पाल गौतम, किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया और इमरान मसूद ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के जरिए लगातार छात्रों के मुद्दे उठा रहे हैं जिससे बीजेपी घबराई हुई है और इसीलिए ऐसे हथकंडे अपना रही है।

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रोक नहीं सकेगी बीजेपी सरकार, प्रयागराज में होकर रहेगा: कांग्रेस
i

कांग्रेस ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर प्रयागराज में राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रद्द कराने के प्रयास का आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी सरकार चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन राहुल गांधी का यह कार्यक्रम होकर रहेगा।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया और इमरान मसूद ने इस मामले को लेकर एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के जरिए लगातार छात्रों के मुद्दे उठा रहे हैं जिससे बीजेपी घबराई हुई है और इसी वजह से ऐसे हथकंडे अपना रही है। 

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' के माध्यम से छात्रों के मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं। पहला 'छात्रों की गूंज' का कार्यक्रम कोटा में हुआ, तो वहां भी बीजेपी सरकार ने उसे रोकने का बहुत प्रयास किया। इसके लिए हर प्रकार के हथकंडे अपनाए। हमारे होर्डिंग्स वगैरह भी हटाए गए। लेकिन कार्यक्रम हुआ। दूसरा 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम देहरादून में हुआ। वहां भी अंतिम समय तक प्रशासन कार्यक्रम को टालने की कोशिश करता रहा, नाना प्रकार के हथकंडे अपनाए गए, लेकिन कार्यक्रम हुआ।

राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि अब तीसरा 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम प्रयागराज में 8 अगस्त  को होना तय हुआ। केपी ग्राउंड के लिए वहां के प्रशासन से परमिशन ली गई। जो उन्होंने फीस बोला, वो भी जमा कराया गया। लेकिन अब उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार इसे रद्द कराने की भरसक कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल के प्रबंधन का कहना है कि प्रशासन उन्हें डरा-धमकाकर कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने का दबाव बना रहा है।


गौतम ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार कानून का इस्तेमाल अपने हिसाब से कर रही है और संविधान की भावना के विपरीत काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से सभा आयोजित करना सभी का अधिकार है और कांग्रेस सभी आवश्यक अनुमतियां लेकर नियमों के तहत कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए लाखों छात्रों ने पंजीकरण कराया है और देशभर के छात्र इसका इंतजार कर रहे हैं। यह कार्यक्रम निर्धारित स्थान पर ही आयोजित किया जाएगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रयागराज प्रशासन से कार्यक्रम में बाधा नहीं डालने का आग्रह करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों पर किसी तरह का समझौता नहीं करेगी और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी।

अमेठी से सांसद के. एल. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में छात्रों का उत्पीड़न जो हो रहा है, वो आम लोगों के ऊपर भी हो रहा है। हम लोग छात्रों के साथ खड़े हैं, राहुल जी के खड़े हैं। छात्रों की गूंज कार्यक्रम कोटा और देहरादून में हो चुका है, अब इलाहाबाद में होना था, लेकिन अभी ये इन हथकंडों पर आ गए कि नेता प्रतिपक्ष की मीटिंग भी नहीं होने देना चाह रहे हैं। तो ये लोकतंत्र की गिरावट की पराकाष्ठा है। मेरा इतना ही कहना है कि हम तो करेंगे, हमारी पूरी तैयारी है, हम लोग करेंगे और छात्रों के बीच राहुल जी जाएंगे।

सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने कहा कि ये जो छात्रों की आवाज है, ये जो गूंज है, ये पूरे देश के अंदर सुनाई देने लगी है और सरकार इससे घबराई हुई है और घबराहट का अंदाज़ा इससे लगा लीजिए कि रेस कोर्स के अंदर जो इन्होंने कार्यक्रम देहरादून में शिफ्ट कराया और इसी तरीके का प्रयास ये प्रयागराज के अंदर भी कर रहे हैं। कार्यक्रम तो होगा। रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, तमाम छात्र उसके अंदर हिस्सेदारी करने के लिए लगातार रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। कार्यक्रम हमारा होगा और मजबूती के साथ होगा। प्रयागराज में राहुल जी का कार्यक्रम यथावत रहेगा और कार्यक्रम मजबूती के साथ होगा।


सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि  ये जो सरकार द्वारा कदम उठाए जा रहे हैं बार-बार राहुल जी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को ना होने देने के लिए,  इसका कारण क्या है? इसका कारण है कि सरकार अब डर गई है। सरकार हिल चुकी है। उनको घबराहट है कि जो युवा क्रांति इस देश में उठी है, उसके नेता राहुल गांधी जी बनते हुए नजर आ रहे हैं; क्योंकि पूरे भारत में ऐसे वही एक नेता हैं जो युवाओं की आवाज को इतनी मजबूती से रख रहे हैं, प्रशासन से लड़-झगड़ करके रख रहे हैं। सरकार के पांव के नीचे से जमीन खिसकती नजर आ रही है। और इसीलिए इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं।

तनुज पुनिया ने कहा कि एक घबराहट हो गई है गृह मंत्री और प्रधानमंत्री जी के मन में कि आने वाले चुनाव में कहीं पूरा देश इनको छोड़कर के और राहुल गांधी जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ना खड़ा हो जाए, और इसलिए ये ऐसे कदम उठा रहे हैं। और हम लोग भी पूरे युवाओं को, पूरी जनता को, पूरे देश को यह आश्वस्त करना चाहते हैं कि हम उनके साथ खड़े हैं, राहुल गांधी जी के साथ खड़े हैं और आपकी आवाज को कभी दबने नहीं देंगे, आपकी आवाज को कहीं छुपने नहीं देंगे और मजबूती से आपकी लड़ाई में आपके साथ शामिल होंगे। यही मैसेज है जो 'छात्रों की गूंज' के माध्यम से छात्रों के लिए उनकी लड़ाई में उनके साथ खड़े होने का मैसेज है।

अंत में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि  पहले आजादी का आंदोलन अंग्रेजों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में लड़ा गया। फिर से एक और आजादी का आंदोलन है, जो राहुल गांधी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ लड़ेंगे और देश को मुक्त कराएंगे। उनको जो करना है, वो करें। हम लोग संविधान को मानने वाले लोग हैं, देश को, देश के संविधान को, देश के लोकतंत्र को कांग्रेस पार्टी बचाएगी।