बीजेपी ने ‘मिलेनियम सिटी’ को ‘सिंक सिटी’ बना दिया... दीपेंद्र हुड्डा ने गुरुग्राम की नारकीय हालत का मुद्दा उठाया
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि गुरुग्राम से बहुत रेवेन्यू कलेक्शन होता है, लेकिन वो कहां जा रहा है किसी को नहीं पता। इसलिए हमारी मांग है कि गुरुग्राम से हजारों करोड़ रुपए का जो कलेक्शन होता है, सीएजी इसकी जांच करे कि ये पैसा कहां जाता है।

कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुग्राम में जलभराव और बुनियादी ढांचे की बुरी स्थिति को लेकर बुधवार को सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि बीजेपी ने ‘मिलेनियम सिटी’ के नाम से पहचाने जाने वाले शहर को अब ‘मिलेनियम पिटी’ और ‘सिंक सिटी’ (डूबता शहर) बना दिया है।
दीपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी सरकार में गुरुग्राम के हालात बताते हुए कहा कि पिछले दो साल में 12 लोगों की मौत हुई। दुनिया का सबसे लंबा ट्रैफिक जाम लगा। ट्रंप टॉवर के आगे पानी जमा रहता है। गुरुग्राम अब 'कूड़ाग्राम' कहला रहा है। वायु प्रदूषण में गुरुग्राम नंबर-1 पर है। इतना सब हो रहा है, लेकिन सरकार को रत्ती भर फर्क नहीं पड़ रहा। वो जनता के जले पर नमक छिड़क रही है।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मोदी सरकार में मंत्री और गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह 12 साल से सत्ता में हैं। इसके पहले भी वे यूपीए सरकार में 10 साल रहे। ये पिछले 22 साल में गुरुग्राम का ड्रेनेज सिस्टम नहीं बनवा पाए। लेकिन आज शहर में जलभराव की समस्या के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ना बीजेपी की पुरानी आदत रही है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 7 अगस्त 2026 को दिल्ली के हरियाणा भवन में जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने हरियाणा के सासंदों के साथ मीटिंग की और बाढ़ या जल शक्ति विभाग से जुड़ी समस्या रखने को कहा। उस मीटिंग में 10 में से 9 सासंद मौजूद थे लेकिन गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह मौजूद नहीं थे। ऐसे ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने कहा कि बाढ़ तो कैलिफोर्निया में भी आ जाती है और अब तो सवालों का जवाब देने से भी इनकार कर दिया। कांग्रेस के नेताओं ने जब काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
रोहतक से लोकसभा सदस्य हुड्डा ने कहा कि पिछले साल केंद्रीय शहरी कार्य मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने संसद में कहा था कि गुरुग्राम में किसी भी प्रमुख बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने दावा किया कि गुरुग्राम में पिछले दो वर्षों में जलभराव से जुड़ी घटनाओं में 12 लोगों की मौत हुई है और शहर में दुनिया का सबसे लंबा ट्रैफिक जाम भी लगा।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि गुरुग्राम में एक से एक घोटाले के खुलासे होते हैं, जो बीजेपी सरकार की देन हैं। सफाई और ड्रेनेज के नाम पर बड़े-बड़े घोटाले होते हैं। सफाई के बजट को ही 'साफ' कर दिया जाता है। बीजेपी सरकार जलभराव के लिए कोई काम नहीं करती, लेकिन हर साल करोड़ों की लागत से एक कॉल सेंटर बना देती है कि ट्रैफिक जाम और बाढ़ में फंसने पर कॉल करो। लेकिन कोई फोन उठाता ही नहीं है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि मैंने सुबह एक ट्वीट किया था कि गुरुग्राम के जाम में मुख्यमंत्री का काफिला घंटों तक फंसा रहा। मुझे बीजेपी की तरफ से जवाब आया है कि उस काफिले में मुख्यमंत्री थे ही नहीं- ये जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय-
• गुरुग्राम में फॉर्च्युन 500 कंपनियां आईं
• गुरुग्राम को मेट्रो से जोड़ने का काम हुआ
• गुरुग्राम-फरीदाबाद 4 लेन हाईवे बना
• गुरुग्राम यूनिवर्सिटी बनवाई गई
• पानी के लिए गुरुग्राम कनाल बनवाया गया
• गोल्फ कोर्स रोड का विकास किया गया
• द्वारका एक्सप्रेस-वे का 63% काम हुआ
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि गुरुग्राम से बहुत रेवेन्यू कलेक्शन होता है, लेकिन वो कहां जा रहा है किसी को नहीं पता। इसलिए हमारी मांग है- गुरुग्रामवासियों से हजारों करोड़ रुपए का कलेक्शन होता है। सीएजी इसकी जांच करे कि ये पैसा कहां जाता है। GMDA, MCG, HSVP ये गुरुग्राम की 3 बड़ी एजेंसियां हैं। इन सभी की जिम्मेदारी तय हो। कांग्रेस की सरकार में 6 साल में 33 किलोमीटर मेट्रो बनी, लेकिन पिछले 12 साल में 1 इंच भी मेट्रो का काम नहीं हुआ। इसका एक्सटेंशन होना चाहिए। देश में सबसे ज्यादा जीएसटी कलेक्शन गुरुग्राम से होता है, तो मोदी सरकार गुरुग्राम की समस्या के निदान के लिए बजट दे।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गुरुग्राम दुनिया की बड़ी फॉर्च्यून 500 कंपनियों का केंद्र बना था, लेकिन बीजेपी सरकार में शहर की स्थिति ऐसी हो गई है कि इसे ‘वर्क फ्रॉम होम सिटी’ कहा जाने लगा है। उन्होंने बीजेपी द्वारा शहर का नाम बदले जाने को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘गुड़गांव से गुरुग्राम, गुरुग्राम से गुरुजाम, जल ग्राम और गड्ढा ग्राम हो गया है।’’ हुड्डा ने आरोप लगाया कि शहर में इतनी समस्याओं के बावजूद सरकार को जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है और वह लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
