युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही बीजेपी, देश को अंधेरे की तरफ ले जा रही हैः अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने गरीबों को मुसीबत में फंसा दिया है और मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और लूट चरम पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बीजेपी की सभी करतूतों को जान चुकी है और 2027 में बीजेपी से मुक्ति के लिए तैयार है।

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही बीजेपी, देश को अंधेरे की तरफ ले जा रही हैः अखिलेश यादव
i
user

नवजीवन डेस्क

समाजवादी पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को आरोप लगाया कि बीजेपी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और नौजवानों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में विफल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने लखनऊ में पार्टी के राज्य मुख्यालय में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ी तादाद में पढ़े-लिखे नौजवानों के पास काम नहीं है, बीजेपी देश को अंधेरे की तरफ ले जा रही है और स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।

पार्टी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार के अंतिम साल में स्वास्थ्य मंत्री लाइन में लगकर छापा डालने का दिखावा कर रहे है जबकि गरीबों को दवा-इलाज नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार में गरीबों को समय पर न एंबुलेंस मिलती है और न इलाज मिल रहा है।

एसपी अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी सरकार ने गरीबों को मुसीबत में फंसा दिया है और मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और लूट चरम पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बीजेपी की सभी करतूतों को जान चुकी है और 2027 में भाजपा से मुक्ति के लिए तैयार है।उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश फिर विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा।

एक दिन पहले बुधवार को बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा था कि 'अंधभक्तों की जमात' बीजेपी कोई राजनीतिक दल नहीं, बल्कि 'गैंग' है। उन्होंने बीजेपी पर एसपी को बदनाम करने के षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि बीजेपी की षड्यंत्रकारी चुनौतियों से निपटने के लिए एसपी तैयार है।


समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में 'डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ''वर्तमान परिस्थितियों में लोकतंत्र पर बहुत खतरा है। भारत के नागरिकों का जीवन संकट में है। आज की राजनीति में सकारात्मक दिशा पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) के रास्ते ही तय हो सकती है। लोकतंत्र में संवाद आवश्यक है। सामाजिक, सद्भाव से ही लोकतंत्र साकार होता है। बिना सकारात्मक सोच के कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता।'' उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी के शासन में जनता हताश और निराश है।

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी अपनी सरकार और प्रशासन का बेजा इस्तेमाल करके एसपी के सामने चुनौतियां पैदा करना चाहती है लेकिन समाजवादी पार्टी बीजेपी की हर चुनौती का मुकाबला करने को तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी झूठ और अफवाह को अपनी ताकत मानती है जबकि सबका साथ निभाने वाले समाजवादी लोग झूठ का भरपूर विरोध करते हैं, लिहाजा समाजवादियों को इसे बड़ी लड़ाई मानकर लड़ना चाहिए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia