बीजेपी सबसे बड़ा संकट, सत्ता से हट गई तो खत्म हो जाएंगे सारे संकटः अखिलेश यादव

अखिलेश ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कुछ सरकारी अधिकारी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के पदाधिकारियों की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने नेताओं से विचार-विमर्श करने के बाद इस संबंध में निर्वाचन आयोग को विस्तृत शिकायत सौंपेगी।

बीजेपी सबसे बड़ा संकट, सत्ता से हट गई तो खत्म हो जाएंगे सारे संकटः अखिलेश यादव
i

आज बीजेपी देश के सामने सबसे बड़ा संकट, सत्ता से हटते ही सारे संकट खत्म होंगे

बीजेपी वालों को लगने लगा है कि कमल मुरझा गया है, इसलिए राधे-राधे कहने लगे हैं

प्रदेश में कुछ सरकारी अधिकारी बीजेपी के पदाधिकारियों की तरह काम कर रहे हैं

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने शनिवार को अपने राजनीतिक कुनबे का विस्तार किया। पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, अनिल कसाना, उत्पल राय, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू समेत कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत करते हुए बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला।

बीजेपी सबसे बड़ा संकट, सत्ता से हटने पर मिलेगी मुक्ति

अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा समय में बीजेपी देश और प्रदेश के सामने सबसे बड़ा संकट है। बीजेपी के सत्ता से हटने पर ही इस संकट से मुक्ति मिल सकेगी। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के लोगों को लगने लगा है कि कमल मुरझा गया है, इसलिए अब वे राधे-राधे कहने लगे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे यहां विदाई के समय भी राधे-राधे कहा जाता है। इस बार जनता बीजेपी सरकार की विदाई करने जा रही है।

एसपी अध्यक्ष ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और बीजेपी सरकार में उनके साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी। पार्टी की वेबसाइट पर जनता की ओर से दिए जा रहे सुझावों को भी गंभीरता से लेकर उन पर काम किया जाएगा।


बीजेपी पदाधिकारी की तरह काम कर रहे कुछ अधिकारी

अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार में प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कुछ सरकारी अधिकारी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के पदाधिकारियों की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने नेताओं से विचार-विमर्श करने के बाद इस संबंध में निर्वाचन आयोग को विस्तृत शिकायत सौंपेगी।

एसपी प्रमुख ने कहा, “हम निर्वाचन आयोग को ऐसे अधिकारियों के उदाहरण देते हुए पत्र लिखेंगे, जो पिछले 10 वर्षों से लगातार बीजेपी के पदाधिकारियों की तरह काम कर रहे हैं। इस पत्र पर हमारे विधायक, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) और संसद के दोनों सदनों के सदस्य हस्ताक्षर करेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद अधिकारियों का तबादला नहीं किया जा रहा है। उन्होंने एक अधिकारी का उदाहरण दिया, जिसका नाम लिए बिना उन्होंने दावा किया कि वह पहले उपचुनाव के दौरान अनियमितताओं में शामिल था।

'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा'

मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और वोट कटने के मुद्दे पर भी अखिलेश ने बीजेपी को घेरा। उन्होंने बीजेपी की ओर से 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने संबंधी दावे पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पार्टी को यह आंकड़ा कहां से मिला था। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दबाव के बाद अब इस तरह के बयान सामने नहीं आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा' का नारा देते हुए इससे संबंधित नया वीडियो भी दिखाया।

आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए सपा अध्यक्ष ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ प्रभारियों से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत का रास्ता बूथ से होकर जाता है। बूथ जीतेंगे, तभी सरकार बनेगी। उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है और जिस दिन चुनाव की घोषणा होगी, बीजेपी चुनाव हार जाएगी।


बीजेपी सरकार भ्रष्टाचार की मास्टर

बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उसकी ज्यादातर योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ है। बीजेपी सरकार भ्रष्टाचार की मास्टर है। उन्होंने कहा कि पीडीए अब महज राजनीतिक नारा नहीं रह गया है, बल्कि भावनात्मक मुद्दा बन चुका है। कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि अभी भी ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस जीतने की स्थिति में है। इस संबंध में बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन में प्राथमिकता सीटों की संख्या नहीं, बल्कि जीत होगी।

इस बीच, बीजेपी नेता और बीएसपी सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रह चुके उत्पल राय का सपा में शामिल होना पूर्वांचल की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मऊ जिले के रहने वाले उत्पल राय मधुबन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने जुलाई 2016 में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्हें पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का करीबी माना जाता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए