बीजेपी लोकतंत्र की दुश्मन, नफरत और भ्रष्टाचार को सफलता का पैमाना बना लिया है: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी एक राजनीतिक गैंग और बेईमान लोगों का गिरोह है। बीजेपी नफरत फैलाने को अपनी सफलता मानती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बीजेपी से सावधान रहने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।

बीजेपी लोकतंत्र की दुश्मन, नफरत और भ्रष्टाचार को सफलता का पैमाना बना लिया है: अखिलेश यादव
i

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को बीजेपी पर निशाना साधते हुए उसे लोकतंत्र का दुश्मन करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने पर आमादा है और उसने नफरत, भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को अपनी राजनीति का आधार बना लिया है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बीजेपी के कुशासन का जवाब देगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी।

एसपी मुखिया अखिलेश यादव बुधवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक राजनीतिक गैंग और बेईमान लोगों का गिरोह है। बीजेपी नफरत फैलाने को अपनी सफलता मानती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बीजेपी से सावधान रहने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।

बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी चरम पर

उन्होंने जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को लेकर कहा कि बीजेपी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को धोखा दिया है। समाजवादी सरकार में बनाई गई सिग्नेचर बिल्डिंग और जेपीएनआईसी को बेचने का प्रयास किया गया। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण के नाम पर बनी इस इमारत को आखिर क्यों बेचा गया।

एसपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है। समाजवादी सरकार के कार्यकाल में तैयार की गई कई सरकारी संपत्तियों और परियोजनाओं को बेचने का काम किया गया। उन्होंने प्लासियो मॉल, किसान बाजार और कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार में प्रदेश में हुए विकास कार्यों को सरकार बर्बाद करना चाहती है।


हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला

अखिलेश ने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश में कोई ऐसा काम नहीं किया, जिसे उपलब्धि के तौर पर गिनाया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के दस साल के शासन में भ्रष्टाचार और बजट की लूट के अलावा कुछ नहीं हुआ। हाईवे और एक्सप्रेस-वे निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने जल जीवन मिशन की पानी की टंकियों के टूटने को भी सरकार की कार्यप्रणाली से जोड़ा।

एसपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट है और गरीबों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है। अस्पतालों में मौसमी और संक्रामक बीमारियों के मरीजों को भी पर्याप्त उपचार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार खुद कोई काम नहीं करती, बल्कि विरोधी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए अनर्गल आरोप लगाती है और जनता को गुमराह करती है।

इसे भी पढ़ेंः अखिलेश यादव ने छात्र जागरुकता अभियान का ऐलान किया, पीडीए को बताया प्रेम-दया-अपनापन का सूत्र

जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार

अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहने और अपने व्यवहार और भाषा में शिष्टाचार बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार है। 2027 में चुनाव जीतना है और प्रदेश की जनता को बीजेपी के कुशासन से छुटकारा दिलाना है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और पीडीए की बढ़ती ताकत से बीजेपी घबराई हुई है।

अखिलेश ने बीजेपी को किसान, नौजवान और मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार ने हर वर्ग को ठगा है। महंगाई बढ़ाकर जनता की जेब पर बोझ डाला गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों के हित में ठोस फैसले किए जाएंगे। गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा तथा किसानों को समय पर खाद, बीज और पानी उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों को सभी जरूरी सुविधाएं देने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाएगी।

इसे भी पढ़ेंः अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, 'राम धन' की चोरी और आस्था से खिलवाड़ करने वालों को न भगवान माफ करेंगे, न जनता

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए