पश्चिम बंगाल के बीजेपी अध्‍यक्ष दिलीप घोष पर भीड़ ने किया हमला, 2 कार्यकर्ता हुए जख्मी, जानिए क्या है मामला

पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और सांसद दिलीप घोष पर कोलकाता में शुक्रवार सुबह भीड़ द्वारा कथित रूप से हमला किया गया। इस दौरान उनके समर्थकों से भी मारपीट की गई।

फोटो: सोशल मीडिया
i

पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्‍यक्ष दिलीप घोष पर लेक टाउन में शुक्रवार सुबह उस वक्‍त भीड़ ने हमला कर दिया जब वह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक और चाय पे चर्चा के लिए जा रहे थे। उसी दौरान भीड़ ने उनको घेर लिया और हमला किया। दिलीप घोष ने घटना के लिए टीएमसी समर्थकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ मौजूद दो बीजेपी कार्यकर्ता इस भी हमले में घायल हुए हैं।

बताया जा रहा है कि दिलीप घोष पर हुए हमले में उन्हें कोई चोटें तो नहीं आयी लेकिन 2 बीजेपी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीजेपी अध्यक्ष ने इस हमले का आरोप आरोप ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगाया है।

दिलीप घोष ने सोमवार को कहा था, “हमें लगता है कि हिंसा की इस राजनीति का सामना करने के लिए हिंसा की आवश्यकता है वरना हमारा वजूद नहीं बचेगा।”


बता दें कि दिलीप घोष पर पहले भी कई बार हमले हो चुके हैं। इस साल मई में जब वह बीजेपी के वरिष्‍ठ नेता हेमंत बिस्‍व सरमा के साथ जा रहे थे तो उनके काफिले पर खेजुरी में हमला हुआ था। इसी तरह पिछले साल दिसंबर में दिलीप घोष की गाड़ी पर कूचबिहार जिले के सीतलकुची इलाके में अज्ञात लोगों ने हमला किया। घोष बीजेपी की रथयात्रा में हिस्सा लेने के लिए कूचबिहार में थे। जब वह जिले में मठभांगा जा रहे थे, तब उनकी गाड़ी पर हमला किया गया।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 30 Aug 2019, 11:55 AM