कोटा में राहुल गांधी के कार्यक्रम में जाने से लोगों को रोक रही बीजेपी, कोचिंग पर डाला जा रहा दबावः अशोक गहलोत

गहलोत ने कहा कि पहले कोचिंग संस्थानों को धमकियां, फिर छात्रों पर दबाव और अब होर्डिंग हटाना, बीजेपी इतनी भयभीत क्यों है? छात्रों की आवाज होर्डिंग हटाने से नहीं दबेगी। इस तानाशाही के कारण ही 17 जून को कोटा में बड़ी संख्या में छात्र कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कोटा में राहुल गांधी के कार्यक्रम में जाने से लोगों को रोक रही बीजेपी, कोचिंग पर डाला जा रहा दबावः अशोक गहलोत
i

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बीजेपी कोटा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्र संवाद' कार्यक्रम में लोगों को शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की चुप्पी पर भी सवाल उठाए क्योंकि राहुल के कार्यक्रम से पहले शहर के कोचिंग संस्थानों पर दबाव डालने के आरोप लग रहे हैं। बिरला कोटा से ही लोकसभा सदस्य हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर देश भर के छात्रों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह है और इसकी शुरुआत के लिए कोटा शहर को इसलिए चुना गया क्योंकि यह प्रतियोगी परीक्षाओं का बड़ा 'कोचिंग हब' है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक के बाद एक प्रश्न पत्र लीक हुए हैं उससे व्यवस्था पर से युवाओं का विश्वास पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि यह बड़ा देशव्यापी मुद्दा बन चुका है।


अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि कोटा में ऐसा माहौल बनाया जा रहा है जिससे लोग राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने से बचें। उन्होंने कहा कि कोटा में प्रशासन द्वारा राहुल गांधी के कार्यक्रम के होर्डिंग हटाए जा रहे हैं। बीजेपी के कार्यक्रमों के जब होर्डिंग लगते हैं तब यह प्रशासन पूरा सहयोग देता है। कांग्रेस के कार्यक्रम के होर्डिंग हटाना घबराई हुई बीजेपी का राजनीतिक षड्यंत्र है। पहले कोचिंग संस्थानों को धमकियां, फिर छात्रों पर दबाव, और अब होर्डिंग हटाना, बीजेपी इतनी भयभीत क्यों है? छात्रों की आवाज होर्डिंग हटाने से नहीं दबेगी। इस तानाशाही के कारण ही कल 17 जून को कोटा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जून को कोटा में छात्रों के साथ संवाद करेंगे। उनका यह कार्यक्रम बीजेपी सरकार में देश भर में नीट समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक, बेरोजगारी और छात्रों तथा युवाओं से जुड़े अन्य कई मुद्दों पर केंद्रित कांग्रेस के देशव्‍यापी अभियान का हिस्सा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए