BJP-RSS ‘जोकरों का समूह’, प्रधानमंत्री मोदी के लिए गले मिलना ही विदेश नीति, राहुल गांधी का सरकार पर हमला

प्रधानमंत्री की विदेश नीति पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को प्रतीकात्मक रूप से गले लगाया और कहा प्रधानमंत्री के दिमाग में पता नहीं कहां से यह बात घुस गई कि ‘‘गले मिलना ही विदेश नीति है।

फोटो: INC
i

कांग्रस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘जोकरों का समूह’ करार दिया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि उनके दिमाग में यह बात घर कर गई है कि ‘गले मिलना ही विदेश नीति है।’

उन्होंने कांग्रेस के प्रकोष्ठ ‘रचनात्मक कांग्रेस’ के अधिवेशन को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि लड़ाई को तब तक जारी रखा जाएगा जब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री इस्तीफा नहीं दे देते।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश में अब तक बहुत सारे लोग बीजेपी-आरएसएस के सामने डरपोक की तरह व्यवहार कर रहे थे, जबकि मुकाबला ऐसे लोगों से है जिन्हें देश के दर्शन या इतिहास की कोई समझ नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप ब्रिटिश साम्राज्य से लड़ रहे होते और अचानक कहते कि आप डर गए हैं, तो मैं समझ सकता हूं। लेकिन आज आप जोकरों और मसखरों से लड़ रहे हैं, जिन्हें हमारे दर्शन या इतिहास के बारे में कुछ पता नहीं है।’’


राहुल गांधी ने छात्रों के हालिया आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों से चुप रहने को कहा गया तथा अभिव्यक्ति को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस ‘व्यवस्था थोपना’ चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘और हमारा काम भारत को अपनी बात कहने देना और इस व्यवस्था को तोड़ना है।’’

‘गले मिलना ही विदेश नीति नहीं है'

कांग्रेस नेता का कहना था कि जिस दिन आरएसएस की अभिव्यक्ति को भी खत्म करने की बात की जाएगी, वह उसकी रक्षा भी करेंगे। उन्होंने कहा कि जब सभी लोगों को अभिव्यक्ति का अवसर दिया जाएगा तो ‘‘देश की ताकत दुनिया को दिखाई देगी।’’

प्रधानमंत्री की विदेश नीति पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को प्रतीकात्मक रूप से गले लगाया और कहा प्रधानमंत्री के दिमाग में पता नहीं कहां से यह बात घुस गई कि ‘‘गले मिलना ही विदेश नीति है।


विपक्षी दल सरकार को सोने नहीं देंगे

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल तब तक सरकार को सोने नहीं देंगे, जब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस्तीफा नहीं देते और गृह मंत्री अमित शाह पद से हट नहीं जाते। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘आप लिख लो, जब तक तक नरेन्द्र मोदी इस्तीफा नहीं देते हैं, गृह मंत्री हट नहीं जाते, तब तक हम उनको सोने नहीं देंगे, हम इन्हें जगाकर रखेंगे...हम यह सब मोहब्बत से करेंगे।’’

विपक्ष यह लड़ाई ‘मोहब्बत से’ लड़ेगा, ‘नफरत से नहीं’

उन्होंने कहा कि विपक्ष यह लड़ाई ‘‘मोहब्बत से’’ लड़ेगा, ‘‘नफरत से नहीं’’, क्योंकि वह देश की संस्कृति की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिखाया जाएगा कि भारत नफरत का नहीं, बल्कि मोहब्बत का देश है।

राहुल गांधी ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘आजकल प्रधानमंत्री मोदी रात में सो नहीं रहे हैं और इसके कई कारण हैं, कुछ स्पष्ट हैं और कुछ छिपे हुए।’’


'बीजेपी के चाणक्य संसद से रहे नदारद'

उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ‘‘चाणक्य’’ और न जाने क्या-क्या कहा जाता था, लेकिन वह संसद के मानसून सत्र के दौरान ‘‘गायब हो गए’’ और 20 दिन तक संसद में नहीं आ पाए।

राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपनी बात कहने की आजादी होनी चाहिए और विपक्ष इस अधिकार की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगा।बात घुस गई कि ‘‘गले मिलना ही विदेश नीति है।’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए