पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने नेताजी के पोते को प्रदेश उपाध्यक्ष पद से हटाया, CAA पर किया था मोदी सरकार का विरोध

पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने प्रदेश इकाई में बड़ा फेरबदल करते हुए आधे दर्जन से अधिक नेताओं को पदों से हटा दिया है। इसमें सबसे अहम नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते चंद्र कुमार बोस का है, जिन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल प्रदेश इकाई में बड़ा फेरबदल करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते चंद्र कुमार बोस को प्रदेश उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है। बड़े धूमधाम से पार्टी में लाए गए नेताजी के पोते को पद से हटाने का कोई कारण तो नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी विरोधी स्टैंड के कारण उनसे जिम्मेदारी छीनी गई है। दरअसल नेताजी के पोते चंद्र कुमार बोस ने पिछले साल नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले आज प्रदेश इकाई में बड़ा फेरबदल करते हुए आधे दर्जन से अधिक नेताओं को हटाते हुए नए नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री और सचिव बनाया गया है। इसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते चंद्र कुमार बोस को प्रदेश उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है। बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, कुल 12 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।

गौरतलब है कि बीते साल 24 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर कोलकाता में आयोजित बीजेपी की एक विशाल रैली के थोड़ी देर बाद ही नेताजी सुभाषचंद्र बोस के पोते और राज्‍य बीजेपी के उपाध्‍यक्ष चंद्र कुमार बोस ने इस कानून को लेकर सवाल उठाया था। उन्‍होंने ट्वीट कर सवाल किया था कि “यदि सीएए किसी धर्म से जुड़ा नहीं है तो फिर क्‍यों हम केवल हिंदू, सिख, बौद्ध, ईसाइयों, पारसियों और जैन की बात कर रहे हैं। क्‍यों मुस्लिमों को शामिल नहीं किया गया? हमें पारदर्शी बनना चाहिए।”

इसके बाद इस साल नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर चंद्र कुमार बोस ने एक बार फिर संशोधित नागरिकता का नाम लिए बिना कहा था कि देश एक 'दूसरे विभाजन' की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि, “आज देश बिखर रहा है। मैं विस्तार में नहीं जा रहा हूं। लेकिन, आज भारत में समुदायों के बीच एकता नहीं है।” इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ उनके दादा की तरह की शख्सियत ही भारत को विघटित होने से बचा सकती है।

वहीं आज पश्चिम बंगाल बीजेपी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक बैरकपुर से सांसद अर्जुन सिंह, बांकुड़ा से सांसद सुभाष सरकार, देबाशीश मित्र, राजकमल पाठक, रितेश तिवारी प्रमुख हैं। रितेश तिवारी अभी तक प्रदेश सचिव के तौर पर कार्य कर रहे थे। इस प्रकार पार्टी ने उन्हें प्रमोशन देकर प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा कुल पांच नेताओं को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। जिसमें पुरुलिया लोकसभा सीट से सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो, हुगली से सांसद लॉकेट चटर्जी, रथिन बसु, संजय सिंह, सयांतन बसु हैं।

इसके अलावा दस नेताओं को प्रदेश सचिव ( सेक्रेटरी) की जिम्मेदारी मिली है। जिसमें विधायक सब्यसाची दत्ता, तुषार मुखर्जी, अरुण हल्दर, दीपांजन गुहा, विवेक सोनकर आदि शामिल हैं। सांसद सौमित्र खान को युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह बॉलीवुड की अभिनेत्री अग्निमित्रा पॉल को महिला मोर्चा का अध्यक्ष और सांसद खगेन मुर्मू को एसटी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia